बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुटबाजी उजागर, कुर्सी को लेकर हुआ विवाद
कानपुर में 9 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत आयोजित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस समय गुटबाजी खुलकर सामने आ गई,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में 9 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत आयोजित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस समय गुटबाजी खुलकर सामने आ गई, जब पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हो गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बीजेपी के नगर अध्यक्ष नाराज होकर बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकल गए। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पार्टी की अंदरूनी खींचतान भी उजागर हो गई।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी बीच मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की मौजूदगी में यह पूरा घटनाक्रम हुआ, जिससे कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित हुई।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद एसडीएम सदर को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने काफी देर तक नाराज नगर अध्यक्ष को मनाने की कोशिश की।
लंबी मान-मनव्वल के बाद नगर अध्यक्ष दोबारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए, तब जाकर कार्यक्रम आगे बढ़ सका। इस घटना ने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है, जिससे संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



