रेलवे कॉलोनी में चोरी करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

पुलिस के अनुसार, पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी में अलग-अलग तिथियों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। पीड़ितों की तहरीर पर शाहपुर थाने में छह मुकदमे दर्ज किए गए थे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शाहपुर थाना क्षेत्र की पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी में हुई चोरी की छह घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करने का दावा किया है।

मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 415 ग्राम पीली धातु के आभूषण, 1.648 किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण और 90,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपितों की पहचान मोहनापुर के पासी टोला, पादरी बाजार निवासी रत्नेश अग्रहरी और उसके पिता रविन्द्र प्रसाद अग्रहरी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी में अलग-अलग तिथियों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। पीड़ितों की तहरीर पर शाहपुर थाने में छह मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के पर्दाफाश के लिए शाहपुर थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट सेल नगर और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम लगाई गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

सोने-चांदी के आभूषणों की लंबी सूची

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पीली धातु की नौ अंगूठियां, दो हार, 12 झुमके, पांच मंगलसूत्र, चार चेन, एक मांगटीका, चार लाकेट, तीन नथिया, एक कड़ा, एक ज्योतिया, एक माला और एक कान की बाली बरामद की है। इसके अलावा सफेद धातु की 20 पायल, एक कमरधनी, दो चेन, एक ब्रेसलेट, 14 बिछिया, 14 सिक्के और दो अंगूठियां मिली हैं। पुलिस ने 90,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

छह मुकदमों में बढ़ाई गईं धाराएं

गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद छह मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) और 317(5) बढ़ाई गई हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 466/26, 377/26, 277/26, 354/26, 256/26 और 296/26 शामिल हैं। मुकदमा अपराध संख्या 256/26 में धारा 331(3) भी दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई में शाहपुर थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट सेल नगर और सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button