गोवंश अवशेष मामले में पुलिस की कार्रवाई, जाफर अली को न्यायालय में किया पेश

इस मामले में आरोपितों की तलाश के दौरान तीन अक्टूबर की तड़के माल्हनपार मार्ग पर पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई थी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोला थाना क्षेत्र के धौंसहर गांव स्थित निरंकारी आश्रम के पास गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने एक और नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपित की पहचान गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर निवासी जाफर अली (50) पुत्र कमालुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शनिवार को सुअरज नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि दो अक्टूबर को निरंकारी आश्रम के पास गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में दर्ज मुकदमे में जाफर अली नामजद था और फरार चल रहा था।

गोला थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) और गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपित के खिलाफ गगहा थाने में भी बीएनएस की धारा 271 और 275 के तहत मुकदमा दर्ज है।

मुठभेड़ में एक आरोपित के पैर में लगी थी गोली

इस मामले में आरोपितों की तलाश के दौरान तीन अक्टूबर की तड़के माल्हनपार मार्ग पर पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई थी। पुलिस के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में अब्दुल रहमान उर्फ राजू के पैर में गोली लगी थी, जबकि उसके साथी नूरूल हसन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान दो अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। जाफर अली को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अर्पित मिश्रा, कांस्टेबल धीरेंद्र यादव और रिजर्व कांस्टेबल ऋषभ प्रसाद शुक्ला शामिल रहे।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button