गंगा एक्सप्रेसवे पर अचानक फटा बस का टायर, मच गई चीख-पुकार; करीब 100 यात्री थे सवार
गंगा एक्सप्रेसवे पर बदायूं के हजरतपुर में बस का अगला टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। बस में करीब 100 यात्री सवार थे, जिनमें कई के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस का अचानक अगला टायर फट गया। टायर फटने के बाद बस अनियंत्रित हो गई। हादसा बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र में हुआ। बस हरदोई से दिल्ली जा रही थी और उसमें करीब 100 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
टायर फटते ही अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के मुताबिक, बस गंगा एक्सप्रेसवे से होकर दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान हजरतपुर थाना क्षेत्र में अचानक बस का अगला टायर फट गया। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन अनियंत्रित हो गया। अचानक हुए हादसे से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
करीब एक दर्जन यात्रियों की हालत गंभीर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 100 यात्री सवार थे। इनमें करीब एक दर्जन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों और बस में सवार यात्रियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: संतुलित पाठक, बदायूं
यह भी पढ़ें: गोरखपुर भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, 10 उपाध्यक्ष और 4 महामंत्रियों का ऐलान



