20 मिनट तक हवा में लटकी जिंदगी, महिला दरोगा ने नहीं छोड़ा हाथ; गोरखपुर में टला बड़ा हादसा
गोरखपुर में मां की डांट से नाराज 15 वर्षीय छात्रा 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। छलांग के बाद पाइप से लटकी छात्रा का महिला दरोगा ने हाथ थामकर जान बचाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में रविवार दोपहर एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने महादेव झारखंडी कॉलोनी में लोगों की सांसें थाम दीं। मां की डांट से नाराज कक्षा नौ की 15 वर्षीय छात्रा करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम में छात्रा को बचाने के लिए पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। छलांग लगाने के बाद पाइप से लटकी छात्रा का हाथ महिला दरोगा जागृति खरवार ने थाम लिया और उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
तीन घंटे तक टंकी पर बैठी रही छात्रा
मामला एम्स थाना क्षेत्र का है। रविवार करीब 1:30 बजे छात्रा पानी की टंकी पर चढ़ गई। आसपास के लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने छात्रा को बातचीत के जरिए नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। कभी वह टंकी के किनारे बैठती तो कभी नीचे कूदने की धमकी देती रही।
छलांग के बाद पाइप से लटकी, दरोगा ने पकड़ा हाथ
स्थिति गंभीर होती देख एम्स चौकी की महिला दरोगा जागृति खरवार बातचीत करते हुए छात्रा के पास पहुंचीं। इसी दौरान छात्रा अचानक नीचे कूद गई और लोहे की पाइप पकड़कर हवा में लटक गई। दरोगा ने तत्काल अपना पैर पाइप में फंसाकर उसका हाथ पकड़ लिया। करीब 20 मिनट तक वह छात्रा का हाथ थामे रहीं और उससे लगातार बातचीत करती रहीं। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने मदद कर छात्रा को ऊपर खींच लिया।
मां की डांट के बाद घर से निकली थी
एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, पूछताछ में छात्रा ने बताया कि फोन पर एक लड़के से बात करने को लेकर मां ने उसे डांटा था। नाराज होकर वह घर से निकल गई और पानी की टंकी पर चढ़ गई। सुरक्षित बचाए जाने के बाद छात्रा को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में छात्रा और उसके परिजनों से जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिस ने रोकी रैली, हिरासत में लिए गए पदाधिकारी; जानिए क्या था पूरा मामला



