रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिस ने रोकी रैली, हिरासत में लिए गए पदाधिकारी; जानिए क्या था पूरा मामला
सीतापुर के महमूदाबाद में सवर्ण आर्मी की रैली पुलिस ने रोक दी। प्रदेश सचिव अमित मिश्रा समेत कई पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया गया। ज्ञापन को लेकर अधिकारियों से वार्ता हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महमूदाबाद में प्रस्तावित रैली और ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर रविवार को पुलिस-प्रशासन और सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। रामकुंड चौराहे से तहसील की ओर बढ़ रही रैली को पुलिस ने रेलवे क्रॉसिंग के पास रोक दिया। इसके बाद प्रदेश सचिव अमित मिश्रा समेत कई पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर महमूदाबाद कोतवाली पहुंचाया गया।
रेलवे क्रॉसिंग पर रोकी गई रैली
सवर्ण आर्मी की ओर से रामकुंड चौराहे से तहसील तक रैली निकालकर ज्ञापन देने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क था। रैली आगे बढ़ी तो पुलिस ने रेलवे क्रॉसिंग के पास बैरिकेडिंग कर उसे रोक दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ और कोतवाल भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने प्रदेश सचिव अमित मिश्रा समेत संगठन के कई पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के कारण कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
तहसील में ज्ञापन देने पर अड़े पदाधिकारी
हिरासत में लिए जाने के बाद पदाधिकारियों और अधिकारियों के बीच ज्ञापन को लेकर बातचीत हुई। सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने तहसील पहुंचकर ही ज्ञापन सौंपने की मांग रखी। वहीं, प्रशासन की ओर से थाने में ही ज्ञापन लेने का प्रस्ताव दिया गया।
अधिकारियों और संगठन के प्रतिनिधियों के बीच इस मुद्दे पर वार्ता का दौर चलता रहा। प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना रही।
प्रशासन रहा मुस्तैद, आगे की स्थिति पर नजर
रैली और ज्ञापन कार्यक्रम की सूचना पहले से होने के कारण पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। एसडीएम, सीओ और कोतवाल ने स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल वार्ता के बाद कार्यक्रम को लेकर आगे क्या निर्णय होता है, इस पर नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट-वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बांदा में किसका इंतजार? घरों के ऊपर जर्जर तार, सड़कों पर गड्ढे और जलभराव से लोग परेशान



