खजनी थाने में अचानक बिगड़ी युवक की तबीयत, मिर्गी का दौरा पड़ा; इलाज के दौरान मौत
गोरखपुर के खजनी थाने में मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद घायल अर्जुन यादव की बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में विभागीय जांच शुरू की गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में साइकिल चोरी के आरोप में गिरफ्तार युवक अर्जुन यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को थाने में अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने के दौरान गिरने से उसके सिर में चोट लगी थी। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत मिलने पर वह घर चला गया। दो दिन बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
थाने में दौरा पड़ने से गिरा, सिर में लगी चोट
पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर निवासी अर्जुन यादव के खिलाफ साइकिल चोरी के आरोप में कार्रवाई करते हुए 14 सितंबर को न्यायालय चालान भेजा गया था। कोर्ट ले जाने के लिए उठते समय थाना कार्यालय के सामने उसकी तबीयत बिगड़ गई। ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी की निगरानी में उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और गिरने से सिर में चोट लग गई। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने की बात कही है।
सीएचसी में इलाज के बाद मिली जमानत
दौरे के बाद अर्जुन को सीएचसी हरनही ले जाया गया, जहां उसका उपचार हुआ। पुलिस का कहना है कि हालत सामान्य होने के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए कहा गया, लेकिन उसने परीक्षण कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से जमानत मिलने पर वह घर चला गया।
बीआरडी में इलाज के दौरान मौत, जांच शुरू
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर की रात करीब दो बजे अर्जुन की तबीयत फिर बिगड़ी और उसे मिर्गी का दौरा पड़ा। परिजन उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां 16 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के अधीन विभागीय जांच शुरू की गई है। सीसीटीवी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए गोरखपुर से मदद, दवा कारोबारियों ने उपलब्ध कराईं जरूरी दवाएं



