गोरखपुर में NCC के लिए छात्राओं की परीक्षा, 40 ने लिया हिस्सा; ऐसे हुआ चयन
गोरखपुर के महाराणा प्रताप महिला पीजी कॉलेज में NCC चयन प्रक्रिया हुई। 40 छात्राओं ने हिस्सा लिया। लंबाई, दृष्टि, रंग दृष्टि और वायवा के जरिए छात्राओं की योग्यता परखी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गोरखपुर में सोमवार को छात्राओं के लिए एनसीसी में शामिल होने का मौका पाने की प्रक्रिया आयोजित की गई। रामदत्तपुर स्थित महाराणा प्रताप महिला पीजी कॉलेज में हुई इस चयन प्रक्रिया में 40 छात्राओं ने हिस्सा लिया। चयन के दौरान शारीरिक और मौखिक स्तर पर छात्राओं की योग्यता परखी गई।
40 छात्राओं ने लिया चयन प्रक्रिया में हिस्सा
महाराणा प्रताप महिला पीजी कॉलेज में आयोजित एनसीसी चयन प्रक्रिया 15 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान एसएम राज किशोर, जीसीआई सीमा राय, हवलदार प्रकाश थापा और एनके/एनए पुष्पेंद्र शर्मा मौजूद रहे।
एनसीसी अधिकारियों ने छात्राओं को संगठन के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
लंबाई, नजर और रंग दृष्टि की हुई जांच
चयन प्रक्रिया के दौरान छात्राओं की लंबाई, दृष्टि एवं पठन क्षमता की जांच की गई। इसके साथ ही रंग दृष्टि दोष की भी जांच हुई। इन चरणों के बाद छात्राओं को मौखिक परीक्षा यानी वायवा से गुजरना पड़ा।
वायवा में छात्राओं से उनके परिचय, एनसीसी में शामिल होने के उद्देश्य और व्यक्तिगत रुचियों से जुड़े सवाल पूछे गए। इससे अधिकारियों ने छात्राओं की रुचि और एनसीसी के प्रति उनकी गंभीरता को समझने का प्रयास किया।
NCC से करियर के अवसरों की दी जानकारी
अधिकारियों ने छात्राओं को एनसीसी के बी और सी प्रमाणपत्र के महत्व के बारे में भी बताया। इसके अलावा सशस्त्र बलों में एनसीसी कैडेट्स को मिलने वाली प्राथमिकताओं और इससे जुड़े करियर अवसरों की जानकारी दी गई।
चयन प्रक्रिया का संचालन कॉलेज की सीटीओ नेहा गुप्ता के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को एनसीसी से जोड़कर उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना रहा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: नौकरी का झांसा, फिर 20 लाख का लोन! बरेली में ऐसे खुला ठगी का खतरनाक खेल



