गोरखपुर: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा पर जीआरपी सख्त, ट्रेनों में चोरी-छिनैती करने वालों पर कसेगा शिकंजा

गोरखपुर जीआरपी ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सख्त कार्ययोजना बनाई है। ट्रेनों में चोरी, छिनैती, लूट और शराब तस्करी पर कार्रवाई तेज होगी। हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: रेल यात्रा को सुरक्षित और बेफिक्र बनाने के लिए गोरखपुर जीआरपी ने बड़ा कदम उठाया है। अब ट्रेनों में चोरी, छिनैती, लूट और शराब तस्करी जैसी वारदातों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके साथ ही सक्रिय, वांछित और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की लगातार निगरानी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

शुक्रवार को जीआरपी पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम समेत सभी थाना, चौकी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

ऑपरेशन कन्विक्शन पर रहेगा विशेष फोकस

एसपी रेलवे ने निर्देश दिए कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को जल्द सजा दिलाई जाए। साथ ही गुमशुदा लोगों और बच्चों की तलाश में तेजी लाई जाए तथा चोरी हुए मोबाइल फोन की अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बनाने, सुरक्षा उपकरणों के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने और संवेदनशील रूटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।

रेलवे ट्रैक पर उपद्रव करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

बैठक में ई-साक्ष्य, ई-समन, क्राइम मैप और जीरो एफआईआर से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी, ट्रैक अवरोध और अन्य सुरक्षा संबंधी घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर दिया गया।

एसपी रेलवे ने पिछले तीन वर्षों के अपराध और संपत्ति बरामदगी के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। सम्मेलन के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडे, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बच्चों में बढ़ते मायोपिया पर लगेगी लगाम, लाल रोशनी थेरेपी से इलाज की नई उम्मीद

Related Articles

Back to top button