“सिर्फ अपने लिए मत जियो…” गोरखपुर में युवाओं से बोले रमेश जी, बताया भारत को शक्तिशाली बनाने का रास्ता

गोरखपुर के बीएन पब्लिक स्कूल में युवा संवाद कार्यक्रम में रमेश जी ने युवाओं से अपनी सामर्थ्य पहचानकर परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: युवा उम्र सिर्फ सपने देखने की नहीं, बल्कि अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देने की भी होती है। अगर यही ऊर्जा परिवार, समाज और राष्ट्र के काम आए तो बदलाव की तस्वीर बड़ी हो सकती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक रमेश जी ने युवाओं से इसी सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

युवा शक्ति को पहचानने और जागृत करने पर जोर

महानगर दक्षिण भाग के नौसढ़ नगर की ओर से बुधवार को बीएन पब्लिक स्कूल, नौसढ़ में युवा संवाद आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए रमेश जी ने कहा कि यदि देश की युवा शक्ति अपनी क्षमता को पहचाने, उसे परखे और राष्ट्र निर्माण में लगाए तो भारत को अत्यंत शक्तिशाली राष्ट्र बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी देश की प्रगति उसकी युवा शक्ति की जागरूकता, क्षमता और समर्पण पर निर्भर करती है। भारत के युवाओं में हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है, जरूरत केवल उस सामर्थ्य को पहचानने और सही दिशा में इस्तेमाल करने की है।

परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझें युवा

रमेश जी ने कहा कि युवा अवस्था जीवन का सबसे ऊर्जावान दौर है। इस ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग समाज में व्यापक बदलाव ला सकता है। उन्होंने युवाओं से केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रहने, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए भी योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्ति का जीवन केवल उसका अपना नहीं होता, बल्कि उसमें परिवार और समाज का भी योगदान रहता है।

सवालों के जरिए युवाओं ने रखी अपनी जिज्ञासा

कार्यक्रम में युवाओं से राष्ट्रहित में अपनी प्रतिभा लगाने का आह्वान किया गया। रमेश जी ने कहा कि ‘देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें’ की भावना युवाओं के जीवन का हिस्सा बननी चाहिए।

मंच पर विद्यालय निदेशक करुणेश पांडेय और प्रभारी रमाशंकर ओझा मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं ने देश, समाज और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिका ने किया।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: अस्पतालों पर अब BDA की नजर, नवोदय के बाद खुलेंगी शहर के कई पुराने फाइलों के राज

Related Articles

Back to top button