अस्पतालों पर अब BDA की नजर, नवोदय के बाद खुलेंगी शहर के कई पुराने फाइलों के राज
बरेली के नवोदय अस्पताल में आग के बाद BDA जांच में स्वीकृत नक्शे से अलग चौथी मंजिल का निर्माण मिला। चौथी मंजिल सील कर शहर के अन्य अस्पतालों की फाइलें भी खंगाली जा रही हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिनी बाईपास स्थित नवोदय अस्पताल में लगी आग ने सिर्फ अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर ही सवाल नहीं उठाए, बल्कि भवन निर्माण के नियमों की अनदेखी की परत भी खोल दी है। बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की जांच में अस्पताल की चौथी मंजिल स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाई गई। इसके बाद BDA ने चौथी मंजिल को सील कर दिया। अब शहर के दूसरे अस्पताल भी प्राधिकरण की जांच के दायरे में आ गए हैं।
तीन मंजिल का नक्शा, चौथी मंजिल मिली निर्माणाधीन
अस्पताल भवन के लिए तीन मंजिल का मानचित्र स्वीकृत बताया गया है, जबकि चौथी मंजिल का निर्माण कराया जा रहा था। रक्षाबंधन के दौरान चौथी मंजिल पर आग लगने के बाद मामला BDA के संज्ञान में आया। उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के निर्देश पर टीम ने मौके का निरीक्षण किया और स्वीकृत नक्शे से अतिरिक्त निर्माण मिलने पर चौथी मंजिल सील कर दी।
निगरानी से लेकर जिम्मेदारी तक होगी जांच
अतिरिक्त निर्माण सामने आने के बाद अब यह भी जांचा जा रहा है कि चौथी मंजिल का निर्माण कब शुरू हुआ और उस दौरान निगरानी की जिम्मेदारी किस अधिकारी या कर्मचारी की थी। क्षेत्रीय सुपरवाइजर, अवर अभियंता और सहायक अभियंता की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है। लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर कार्रवाई संभव है।
शहर के अस्पतालों की पुरानी फाइलें फिर खुलीं
नवोदय अस्पताल पर कार्रवाई के बाद BDA ने दूसरे अस्पतालों की पुरानी फाइलें भी निकलवाई हैं। ऐसे अस्पतालों की जांच होगी, जिन्हें पहले भवन नियमों के उल्लंघन पर नोटिस दिए गए थे। प्राधिकरण स्वीकृत मानचित्र, बेसमेंट, पार्किंग, अतिरिक्त मंजिल, अग्निशमन व्यवस्था और ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट की स्थिति देखेगा।
रामपुर गार्डन, राजेंद्रनगर, डीडीपुरम, स्टेडियम रोड, पीलीभीत बाईपास और मिनी बाईपास समेत प्रमुख क्षेत्रों के अस्पताल जांच के दायरे में आ सकते हैं। BDA यह भी देखेगा कि ‘आवश्यक सेवा’ के आधार पर मिली मोहलत के बाद अस्पतालों ने नियमों का पालन किया या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: एक किलो चावल से शुरू हुई मदद की पहल, नेपाल के पीड़ित परिवारों के लिए गोरखपुर में बड़ा अभियान



