तीन महीने पहले हुई थी शादी, फिर रात में हुआ विवाद और युवक ने उठा लिया खौफनाक कदम
गोरखपुर के बांसगांव में किन्नर पत्नी से विवाद के बाद 21 वर्षीय युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। कौड़ीराम जीरो प्वाइंट के पास स्थित किन्नर डेरे में 21 वर्षीय सोनू का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसका पत्नी से विवाद हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
तीन महीने पहले हुई थी शादी, डेरे में चलाता था गाड़ी
बांसगांव थाना क्षेत्र के कानापार गांव निवासी सोनू पुत्र सूर्यनाथ कौड़ीराम में रहकर किन्नरों की गाड़ी चलाता था। करीब तीन महीने पहले उसने शीला किन्नर से विवाह किया था। पुलिस के अनुसार बुधवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
शीला के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। बताया गया कि सोनू पैसे और गाड़ी देने के लिए दबाव बना रहा था। मना किए जाने के बाद उसने जान देने की बात कही।
कमरे में फंदे से लटका मिला युवक
बताया गया कि विवाद के बाद शीला कमरे से बाहर चली गई। कुछ देर बाद जब वह कमरे में पहुंची तो सोनू दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही बांसगांव थानाध्यक्ष विशाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कौड़ीराम चौकी पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और घटना से पहले हुए विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: आसमान के जांबाज अभिनंदन की नई पारी, एयरफोर्स छोड़ प्राइवेट एयरलाइंस का थामा हाथ



