गोरखपुर के MMMUT ने शुरू की नई परंपरा, छात्रों को मिलेगा सफल पूर्व छात्रों का साथ

गोरखपुर के MMMUT ने 11वें दीक्षांत समारोह में नई परंपरा शुरू की है। अब विभागीय समारोह में सफल एलुमनाई विद्यार्थियों को उपाधियां देंगे और करियर से जुड़े अपने अनुभव भी साझा करेंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) अपने 11वें दीक्षांत समारोह में एक नई और प्रेरणादायी परंपरा की शुरुआत करने जा रहा है। इस बार मुख्य मंच से उपाधि प्राप्त नहीं करने वाले विद्यार्थियों को उनके विभागीय समारोह में विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र (एलुमनाई) डिग्री प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह पहल छात्रों को सफल पूर्व विद्यार्थियों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बनेगी।

एलुमनाई देंगे डिग्री, साझा करेंगे सफलता का अनुभव

अब तक मुख्य दीक्षांत समारोह में केवल कुछ चुनिंदा विद्यार्थियों को ही मुख्य अतिथि के हाथों उपाधि मिलती थी, जबकि अन्य विद्यार्थियों को विभागों में प्रमाणपत्र वितरित किए जाते थे। नई व्यवस्था के तहत उद्योग, शिक्षा, अनुसंधान, सार्वजनिक सेवा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले एलुमनाई विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे। साथ ही वे अपने अनुभव साझा कर करियर, उच्च शिक्षा और पेशेवर जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी देंगे।

इन प्रतिष्ठित एलुमनाई को किया गया आमंत्रित

विश्वविद्यालय ने इस पहल के लिए मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, एस.पी. मौर्य, डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी, डॉ. जितेन्द्र मोहन भारद्वाज, अवधेश कुमार रावत, प्रवीण कुमार शर्मा, अक्षय श्रीवास्तव, बृजेश कुमार मौर्य, मनीषा सोनकर और विवेक मिश्रा सहित कई प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को आमंत्रित किया है।

कुलपति बोलीं- विद्यार्थियों के लिए होगा यादगार अनुभव

कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने कहा कि यह पहल दीक्षांत समारोह को अधिक समावेशी, प्रेरणादायी और यादगार बनाएगी। उन्होंने कहा कि अपने ही विश्वविद्यालय के सफल पूर्व छात्रों के हाथों उपाधि प्राप्त करना विद्यार्थियों के लिए गर्व का क्षण होगा। साथ ही इससे एलुमनाई और विश्वविद्यालय के बीच संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

Related Articles

Back to top button