गोरखपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गगहा थाना क्षेत्र के वस्तुपार गांव में शुक्रवार को 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
कमरे का दरवाजा बंद था, काफी देर तक नहीं मिली कोई प्रतिक्रिया
पुलिस के अनुसार, वस्तुपार गांव निवासी शुभम दुबे की पत्नी निधि दुबे शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अपने कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पति और ससुर ने दरवाजा खोला तो उनका शव फंदे से लटका मिला।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन तुरंत निधि को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर गगहा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मामले में अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे तीन वर्ष और छह माह की दो बेटियों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: हाउस अरेस्ट के बीच पूरा किया 24 घंटे का सत्याग्रह, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन



