81 दिन की गविष्ठि यात्रा का गोरखपुर में भव्य समापन, शंकराचार्य ने गौ-रक्षा पर दिया बड़ा संदेश

गोरखपुर में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की 81 दिवसीय गविष्ठि यात्रा का समापन हुआ। गौ-रक्षा और जनजागरण को लेकर उन्होंने समाज से व्यापक सहयोग और सहभागिता की अपील की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर में बुधवार को ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की 81 दिवसीय ‘गविष्ठि यात्रा’ का विधिवत समापन हुआ। गौ-रक्षा और गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा की शुरुआत 3 मई को गोरखपुर से ही हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसका समापन भी इसी नगर में किया गया।

गौ-रक्षा को संस्कृति से जोड़ा

समापन समारोह को संबोधित करते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गौ-रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सनातन मूल्यों के संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि जनजागरण का यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों से होकर निकली यात्रा

81 दिनों तक चली गविष्ठि यात्रा उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को गौ-रक्षा के प्रति जागरूक करना और समाज को इस अभियान से जोड़ना था। विभिन्न स्थानों पर संतों, श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने यात्रा का स्वागत किया तथा गौ-रक्षा के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किए।

समापन समारोह में जुटे संत और श्रद्धालु

गोरखपुर में आयोजित समापन समारोह में बड़ी संख्या में संत, धर्माचार्य, गौ-सेवक और श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान गौ-रक्षा से जुड़े आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। आयोजकों ने भविष्य में इस अभियान को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में रफ्तार का कहर! घर लौट रहे मजदूर को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

Related Articles

Back to top button