मिर्जापुर में रफ्तार का कहर! घर लौट रहे मजदूर को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
मिर्जापुर के लालगंज में काम से लौट रहे पल्लेदार राजबली विश्वकर्मा की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद घर लौट रहे 38 वर्षीय पल्लेदार की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चरखी मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा
दुबार खुर्द गांव निवासी राजबली विश्वकर्मा मंगलवार शाम करीब सात बजे पल्लेदारी का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चरखी मोड़ के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से राजबली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मंडलीय अस्पताल मिर्जापुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। राजबली विश्वकर्मा पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। परिवार में 19 वर्षीय पुत्री पुष्पा देवी और 17 वर्षीय पुत्र विकास विश्वकर्मा हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की विधिक जांच कर रही है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: विंध्याचल के सगरा में फिर जुए के संचालन का आरोप, वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल



