अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेंगे गुजरात टाइटंस

- दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच आज, शुभमन गिल फिट, खेलेंगे मैच
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। जीटी और डीसी के बीच यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण गिल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में नहीं उतरे थे। यह मुकाबला जीटी छह रन से हार गई थी। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुदर्शन ने कहा, शुभमन को कोई दिक्कत नहीं है। वह पूरी तरह ठीक हैं। गुजरात अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी है। इस टीम को पहले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उसे राजस्थान रॉयल्स ने छह रन से हराया।
हालांकि, सुदर्शन ने कहा, मुझे लगता है कि यह दोनों का मिला-जुला रूप है, ओपनिंग बल्लेबाजों और टॉप-3 बल्लेबाजों के तौर पर, अगर कोई बल्लेबाज ज्यादा देर तक खेलता है, तो यह टीम के लिए हमेशा एक अच्छी बात होती है। मुझे लगता है कि हमें अपने मिडिल ऑर्डर पर भरोसा है, वे जरूर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। यह वही टीम है जिसके साथ पिछले साल खेला था। उन्होंने कहा, अभी सिर्फ दो मैच खेले गए हैं। मेरा और पूरी टीम का मानना है कि हमारा मिडिल ऑर्डर जरूर शानदार प्रदर्शन करेगा और हम मैच जीतेंगे। आईपीएल एक ऐसा टूर्नामेंट है, जहां दो-तीन दिनों के अंदर लगातार मैच खेलने होते हैं, इसलिए इस टूर्नामेंट में मोमेंटम बनाए रखना सबसे जरूरी चीजों में से एक है। पिछले दो मुकाबलों में हार पर सुदर्शन ने कहा, हां, हम इन दो मुकाबलों पर नजर डालते हैं और हमने इनसे बहुत कुछ सीखा है। मुझे लगता है कि हम आगे भी ऐसा ही करने की कोशिश करेंगे, ताकि हमें अपनी पहली जीत मिल सके और हम अपनी जीत की लय वापस हासिल कर सकें।
मुंबई को राजस्थान ने 27 रनों से हराया
मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीचबारिश की वजह से मैच मात्र 11-11 ओवरों का हुआ। आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बता दिया कि एमआई उनके सामने कहीं नहीं है। टॉस गंवाने के बाद आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल के 32 गेंदों पर नाबाद 77 और वैभव सूर्यवंशी के 14 गेंदों पर 39 रन की मदद से तीन विकेट पर 150 रन बनाए। एमआई नौ विकेट पर 123 रन बना सकी और मैच 27 रन से हार गई। आईपीएल 2026 में एमआई ने अब तक तीन मैच खेले हैं। इसमें एकमात्र जीत उन्हें केकेआर के खिलाफ मिली है। तीन मैचों में दो हार और एक जीत के साथ एमआई अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, राजस्थान ने लगातार तीन जीत और छह अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है। उसका नेट रन रेट +2.403 है।



