बांदा में तेज आंधी-बारिश का कहर: तिंदवारी थाने का छज्जा गिरा, फरियादी बुजुर्ग दंपति और पुलिसकर्मी घायल
बांदा में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के बीच तिंदवारी थाने का पोर्च का छज्जा गिर गया। हादसे में फरियादी बुजुर्ग दंपति और पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।

4 पीएम न्यूज नेटवर्कः रविवार को बांदा में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ आई बारिश और ओलावृष्टि ने बड़ा हादसा करा दिया। तिंदवारी थाना परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब थाने के पोर्च का छज्जा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। इस हादसे में अपनी शिकायत लेकर आए एक बुजुर्ग दंपति और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद थाने में मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शिकायत सुनते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक तिंदवारी थाने में एक बुजुर्ग दंपति अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। उस समय पुलिसकर्मी उनकी बात सुन रहे थे और मामले की जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने लगे। मौसम के अचानक बिगड़ने से थाने के बाहर बने पोर्च का छज्जा कमजोर होकर गिर पड़ा। छज्जा गिरते ही वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग दंपति और पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक सभी को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया। थाने में कारीगरों को बुलाकर गिरे हुए छज्जे को हटाया गया और मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा दोबारा न हो।
पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी
बांदा के एडिशनल एसपी शिवराज ने बताया कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण तिंदवारी थाने के पोर्च का छज्जा गिर गया था। इस घटना में एक बुजुर्ग दंपति और एक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी को तुरंत अस्पताल भेजा गया है और उनका इलाज जारी है।
रिपोर्ट: इकबाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: UCC पर ओवैसी का तीखा हमला, कहा- ये मुस्लिम अधिकारों का उल्लंघन



