होटल के कमरे में पैसों का खेल! कानपुर किडनी रैकेट के आरोपी का वीडियो वायरल
कानपुर किडनी रैकेट मामले में नया खुलासा हुआ है। डॉ. अफजल और आरोपी परवेज शैफी का होटल के कमरे में नोटों की गड्डियों के साथ वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

4 पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में सामने आए किडनी रैकेट मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले में डॉ. अफजल और उसके साथी परवेज शैफी का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी होटल के कमरे में बेड पर नोटों की गड्डियों के साथ दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद इस अवैध किडनी रैकेट की परतें धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। जांच एजेंसियां अब इस वीडियो को भी सबूत के तौर पर खंगाल रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है परवेज शैफी
जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले में आरोपी परवेज शैफी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह गाजियाबाद में लूट और डकैती जैसे मामलों में पहले जेल भी जा चुका है। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है ताकि यह समझा जा सके कि वह इस रैकेट में कैसे और कब से सक्रिय था।
दिल्ली और गाजियाबाद से लोगों को लाने का काम करता था
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि परवेज शैफी इस पूरे नेटवर्क में एक अहम भूमिका निभा रहा था। वह दिल्ली और गाजियाबाद से लोगों को कानपुर लाने के लिए गाड़ियों का इंतजाम करता था। बताया जा रहा है कि इन लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने और पूरे ऑपरेशन को मैनेज करने में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण थी।
रविवार को आहूजा हॉस्पिटल पहुंचा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक रविवार को परवेज शैफी आरोपियों को लेकर कानपुर के आहूजा हॉस्पिटल भी पहुंचा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उस दिन अस्पताल में क्या गतिविधियां हुईं और किन लोगों से मुलाकात हुई।
वायरल वीडियो से बढ़ी जांच की रफ्तार
होटल के कमरे में बेड पर नोटों की गड्डियों के साथ सामने आए वीडियो ने जांच को नई दिशा दे दी है। पुलिस और जांच एजेंसियां अब वीडियो की सत्यता और उसके समय की पुष्टि करने में लगी हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह रकम किडनी रैकेट से जुड़ी है या किसी अन्य अवैध गतिविधि से। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस बड़े रैकेट से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।
रिपोर्ट- प्रांजुल मिश्रा



