उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: लखनऊ-कानपुर हाईवे पर डंपर से भिड़ी पिकअप, चालक की हालत नाजुक

उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर डंपर और पिकअप की भीषण टक्कर में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हाइड्रा और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सुबह की रफ्तार जब हादसे में बदल जाती है, तो कुछ ही सेकंड में जिंदगियां बिखर जाती हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा उन्नाव में सामने आया, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने नेशनल हाईवे को हादसे की भयावह तस्वीर में बदल दिया। दरअसल उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज स्थित पक्षी विहार गेट के बाहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार डंपर और पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और केबिन बुरी तरह दब गया।

केबिन में फंसा चालक, मची अफरा-तफरी

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पिकअप चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और बाहर निकलने की कोई संभावना नहीं बची थी। आसपास के लोग मदद के लिए जुटे, लेकिन वाहन की हालत इतनी खराब थी कि बिना मशीनरी के रेस्क्यू संभव नहीं था।

हाइड्रा और जेसीबी से चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। चालक को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा और जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर ट्रैफिक को नियंत्रित कर धीरे-धीरे स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और संभवतः लापरवाही को माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें: इधर झालमुड़ी खाने में व्यस्त मोदी, उधर गुजरात में पलायन को मजबूर हुए मजदूर!

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई

Related Articles

Back to top button