कांग्रेस के लिए आखिरी सांस तक करूंगा काम

- दिग्विजय सिंह बोले- राज्यसभा का तीसरा कार्यकाल नहीं चाहता
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने रिटायरमेंट को लेकर चल रही अटकलों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह सक्रिय राजनीति से दूर नहीं हो रहे हैं और कांग्रेस पार्टी के लिए जीवन की अंतिम सांस तक काम करते रहेंगे। दिग्विजय सिंह ने बताया कि हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक दंपती का वीडियो साझा किया था, जो बैंक की नौकरी से रिटायर होने के बाद कार से पूरे देश की यात्रा पर निकल पड़े थे।
उन्होंने कहा कि यह वीडियो उन्होंने मजाकिया अंदाज में पोस्ट किया था, लेकिन इसके बाद उनके राजनीति से संन्यास लेने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उन्होंने पार्टी से केवल इतना कहा है कि वह राज्यसभा का तीसरा कार्यकाल लेने के इच्छुक नहीं हैं। इसका यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि वह कांग्रेस के लिए काम करना बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे निभाने के लिए तैयार रहेंगे और अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा। राज्यसभा जाने को लेकर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने इसे काल्पनिक बताते हुए इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।



