भारत फिर बना टी20 विश्वकप चैंपियन

- न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार जीता खिताब
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए आईसीसी पुरुष टी20 विश्वकप का खिताब तीसरी बार अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इसके साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया। जसप्रीत बुमराह को उनके शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जो टी20 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रहा। वहीं ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन का योगदान दिया। आखिर के ओवरों में शिवम दुबे ने 08 गेंदों पर 26 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। ओपनर बैट्समैन टिम सीफर्ट ने 52 और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। पूरी कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन खर्च कर 3 विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ भारत पहली ऐसी मेजबान टीम बन गया जिसने अपने घर में टी20 विश्व कप का खिताब जीता। साथ ही तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर बनाया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है।
तिरंगा लहराया… पिच की मिट्टी चूमी, भावुक हुए कप्तान सूर्यकुमार
न्यूजीलैंड को हराने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। जैसे ही आखिरी विकेट गिरा और भारत की जीत पक्की हुई, ‘मिस्टर 360’ मैच खत्म होते ही जश्न मनाने से पहले सूर्यकुमार सीधे पिच की ओर बढ़े। उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच से मिट्टी उठाई और उसे अपने माथे से लगाया। यह पल उनके लिए बेहद खास था और कैमरों में कैद होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जीत के जश्न के दौरान सूर्यकुमार यादव तिरंगा ओढ़े नजर आए। उनके साथ हार्दिक पंड्या भी तिरंगे में लिपटे दिखाई दिए। मैदान पर मौजूद बाकी भारतीय खिलाड़ी भी इस ऐतिहासिक जीत के बाद काफी भावुक नजर आए। खिलाडिय़ों ने एक-दूसरे को गले लगाकर इस खास पल को यादगार बना दिया। सूर्यकुमार यादव ने कहा, मुझे लगता है कि इस जीत का एहसास होने में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन फिलहाल बहुत खुशी हो रही है। यह एक लंबा सफर रहा है। 2024 वल्र्ड कप के बाद यह यात्रा शुरू हुई थी। जय शाह, रोहित शर्मा और बाकी लोगों ने मुझ पर भरोसा दिखाया और मुझे टीम की अगुआई करने का मौका दिया। वहां से शुरू हुआ यह सफर आज यहां जीत के साथ पूरा हुआ।



