आईसीसी ने जारी की टी20 की ताजा रैंकिंग

- अभिषेक शर्मा और ईशान किशन का दबदबा कायम
- गेंदबाजों में राशिद शीर्ष पर, चक्रवती और बुमराह भी टॉप 5 में शामिल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नईदिल्ली। आईसीसी ने टी20 की ताजा रैंकिंग जारी की है। बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बने हुए हैं। बांग्लादेश के खिलाडिय़ों को ताजा रैंकिंग में फायदा हुआ है। टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा नौ मार्च के बाद से कोई इंटरनेशनल टी20 नहीं खेलने के बावजूद पहले स्थान पर बने हुए हैं। ईशान किशन दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे स्थान पर हैं।
इंग्लैंड के फिल सॉल्ट चौथे, श्रीलंका के पथुम निसांका पांचवें, भारत के तिलक वर्मा छठे, भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें, इंग्लैंड के जोस बटलर आठवें, दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस नौवें और जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट दसवें स्थान पर हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान पहले, भारत के वरुण चक्रवर्ती दूसरे,पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे, इंग्लैंड के आदिल राशिद चौथे, भारत के जसप्रीत बुमराह पांचवें, ऑस्ट्रेलिया के एडम जैम्पा छठे, दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश सातवें, वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड आठवें, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान नौवें और ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस दसवें स्थान पर हैं। आईपीएल के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीरीज न के बराबर होती है। कुछ दिन पहले न्यूजीलैंड की बी टीम बांग्लादेश में तीन टी20 मैच खेली थी। सीरीज ड्रॉ रही थी। बांग्लादेश के खिलाडिय़ों को टी20 की बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है।
पाक के साथ द्विपक्षीय खेलों पर रोक जारी:खेल मंत्रालय
नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने बुधवार को स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर लगी रोक आगे भी जारी रहेगी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय और बहुपक्षीय प्रतियोगिताओं में दोनों देशों के खिलाडिय़ों की भागीदारी पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि खिलाडिय़ों, टीम अधिकारियों, तकनीकी स्टाफ और अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के पदाधिकारियों के लिए वीजा प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा, ताकि भारत को एक पसंदीदा खेल स्थल के रूप में स्थापित किया जा सके। सभी एनएसएफ, आईओए और साइ को जारी सर्कुलर में मंत्रालय ने कहा, द्विपक्षीय खेल प्रतियोगिताओं के संदर्भ में भारतीय टीमें पाकिस्तान नहीं जाएंगी और न ही पाकिस्तानी टीमों को भारत में खेलने की अनुमति दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय और बहुपक्षीय प्रतियोगिताओं के मामले में निर्णय अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं के नियमों और भारतीय खिलाडिय़ों के हितों को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।



