बांदा में दहेज की मांग पूरी न होने पर बारात नहीं आई, शादी टूटी

पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी बेटी की शादी तय होने के बाद सभी तैयारियां धूमधाम से चल रही थीं। शादी के दिन बारात आने से पहले ही लड़के पक्ष के लोगों ने पहले से तय सामान के बजाय नकद रुपये की मांग रख दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज प्रथा का एक गंभीर मामला सामने आया है,

जहां दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर लड़के पक्ष ने शादी से ऐन मौके पर इनकार कर दिया। घटना 11 मार्च की बताई जा रही है।

पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी बेटी की शादी तय होने के बाद सभी तैयारियां धूमधाम से चल रही थीं। शादी के दिन बारात आने से पहले ही लड़के पक्ष के लोगों ने पहले से तय सामान के बजाय नकद रुपये की मांग रख दी।

पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज की व्यवस्था पहले ही कर दी थी, लेकिन अतिरिक्त नकदी देने में असमर्थता जताई।

आरोप है कि इसी बात को लेकर लड़के पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शादी की तैयारियों, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च की गई रकम भी बेकार चली गई।

घटना के बाद पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक, बांदा को पत्र देकर मामले की शिकायत की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे दहेज लोभियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ इस तरह की घटना न हो। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button