निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी 131 सीटों पर आगे, निर्दलीयों ने चौंकाया, कांग्रेस-शिअद भी मुकाबले में

चंडीगढ़। पंजाब के नगर निकाय चुनावों की मतगणना के बीच आम आदमी पार्टी ने शुरुआती नतीजों और रुझानों में मजबूत बढ़त बना ली है। राज्य की आठ नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 19 नगर पंचायतों के लिए हुए चुनावों में अब तक आम आदमी पार्टी 131 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 36 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। मतगणना के दौरान सामने आए रुझानों में कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल का प्रदर्शन भी संतोषजनक माना जा रहा है। दोनों दल कई क्षेत्रों में कड़ी टक्कर देते नजर आए। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा और वह अन्य प्रमुख दलों से पीछे चलती दिखाई दी।
115 मतगणना केंद्र स्थापित
राज्यभर में मतगणना के लिए कुल 115 केंद्र स्थापित किए गए हैं। कई स्थानों पर तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से मतगणना प्रक्रिया निर्धारित समय से कुछ देर बाद शुरू हुई, लेकिन बाद में सभी केंद्रों पर मतदान पेटियों और मतपत्रों की गिनती तेज गति से शुरू कर दी गई।
चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों के आसपास 100 मीटर तक विशेष सुरक्षा घेरा बनाया गया है ताकि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न मिल सके। इसके अलावा मतगणना केंद्रों और स्ट्रांग रूम की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जा रही है।
हर मतगणना केंद्र में 14 तक टेबल लगे
अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक मतगणना केंद्र पर 10 से 14 टेबल लगाई गई हैं, जहां कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें मतों की गिनती में जुटी हुई हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ उम्मीदवारों और उनके एजेंटों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शुरुआती नतीजे शहरी क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी की मजबूत पकड़ को दर्शाते हैं। हालांकि कई नगर कौंसिलों और नगर पंचायतों में मुकाबला अभी भी बेहद रोचक बना हुआ है। दोपहर तक अधिकांश नगर निगमों, नगर कौंसिलों और नगर पंचायतों के अंतिम परिणाम सामने आने की संभावना है।



