टेस्ट रैंकिंग में भारत तीसरे स्थान पर

  • डब्ल्यूटीसी चक्र में छठे स्थान पर है भारतीय टीम

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। खेल की वैश्विक संस्था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को वार्षिक टेस्ट टीम की रैंकिंग जारी की, जिसमें बड़ा फेरबदल देखने को मिला। भारतीय टेस्ट टीम एक स्थान की छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई। शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम ने इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया। वहीं, शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया का दबदबा है। रैंकिंग अपडेट में मई 2025 के बाद खेले गए मैचों को महत्व दिया गया है, जबकि उससे पहले के मुकाबलों का प्रभाव 50 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी कारण रैंकिंग में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले।
शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 131 रेटिंग अंकों के साथ मजबूती से कायम है और उसने अपनी बढ़त को और मजबूत किया है। दूसरे स्थान पर मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम 119 अंकों के साथ बरकरार है। सबसे बड़ा बदलाव तीसरे स्थान के लिए हुआ, जहां भारत 104 अंकों के साथ एक पायदान ऊपर चढ़ गया, जबकि इंग्लैंड 102 अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गया। इंग्लैंड को पुराने मैचों जैसे न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू जीत और पाकिस्तान में मिली सीरीज जीत का पूरा फायदा नहीं मिला। वहीं, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 चक्र की बात करें तो भारत अभी भी छठे स्थान पर है, जहां उसका अंक प्रतिशत 48.15 है। टीम को घरेलू सीरीज में दक्षिण अफ्रीका से हार और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाने का नुकसान उठाना पड़ा है। इस समय डब्ल्यूटीसी तालिका में ऑस्ट्रेलिया 87.50 अंक प्रतिशत के साथ शीर्ष पर है, जबकि न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम 77.78 अंक प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है।

अंक तालिका में नंबर एक बनने से चूकी राजस्थान

नई दिल्ली। जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। राजस्थान के पास इस मैच को जीतकर अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंचने का मौका था, लेकिन टीम इसमें नाकाम रही और एक बड़ा स्कोर बनाने के बाद भी हार गई। राजस्थान की हार और दिल्ली कैपिटल्स की जीत की पटरी पर वापसी से अंक तालिका में फेरबदल हुआ है। हालांकि, दिल्ली की टीम अभी भी शीर्ष चार में नहीं पहुंच सकी है। बता दें राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 225 का स्कोर बनाया था।लक्ष्य हासिल करने उतरी दिल्ली ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 226 रन बनाकर मैच सात विकेट से जीत लिया। पंजाब किंग्स आठ मैचों में 13 अंक लेकर पहले स्थान पर बरकरार है। आरसीबी नौ मैचों में 12 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद नौ मैचों में 12 अंक लेकर तीसरे और राजस्थान रॉयल्स 10 मैचों में 12 अंक लेकर चौथे स्थान पर है। गुजरात टाइटंस नौ मैचों में 10 अंक लेकर पांचवें, दिल्ली नौ मैचों में आठ अंक लेकर छठे, चेन्नई सुपर किंग्स आठ मैचों में छह अंक लेकर सातवें स्थान पर मौजूद है।

Related Articles

Back to top button