भारत-बांग्लादेश के बीच सेमीफाइनल आज

  • महिला एशिया कप: फाइनल में जगह बनाने उतरेगी सात बार की चैंपियन भारतीय टीम

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। सात बार की चैंपियन भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में उतरेगी तो दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव की पृष्ठभूमि में होने वाले इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की टीम का पलड़ा भारी रहेगा। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही है और सारे मैच जीतकर ग्रूप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारतीय बल्लेबाजी काफी मजबूत रही है और स्मृति मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 64 गेंद में 124 रन बनाकर फिर साबित कर दिया कि उन्हें आधुनिक दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में क्यो गिना जाता है।
महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 3000 रन पूरे करने वाली विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने टीम को अच्छी शुरूआत देकर पावरप्ले में विरोधी टीमों को दबाव में रखा है। मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋ चा घोष ने आखिरी ओवरों में अच्छे रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भारत के पास विविधता और गहराई है। दीप्ति शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने राधा यादव और श्री चरणी के साथ मिलकर हर मैच में स्पिन का जाल बखूबी बुना है। तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर के पास भी नई गेंद से टीम को शुरुआती सफलताएं दिलाने की क्षमता है। भारत ने अब तक सात बार यह टूर्नामेंट जीता है, जबकि श्रीलंका और बांग्लादेश एक एक बार जीत चुके हैं। श्रीलंका मौजूदा चैंपियन है और बांग्लादेश ने 2018 में खिताब जीता था। भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है और टीम अजेय चल रही है। भारत तीनों मैचों में बिना किसी बदलाव के उतरी है और माना जा रहा है कि सेमीफाइनल में भी टीम प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करेगी। दूसरी ओर, बांग्लादेश की टीम अब तक 14 खिलाडिय़ों को आजमा चुकी है। माना जा रहा है कि बांग्लादेश भी इस मुकाबले के लिए टीम में बड़े बदलाव नहीं करेगा।

मंधाना के पास सूजी बेट्स को पीछे छोड़ने का मौका

दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के पास महिला एशिया कप 2026 में इतिहास रचने का मौका है। अगर मंधाना 69 रन बना लेती हैं तो वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी। स्मृति मंधाना फिलहाल 174 टी20 मुकाबलों में 30.65 की औसत के साथ 4,690 रन बना चुकी हैं, जिसमें दो शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम पर है जिन्होंने 186 मुकाबलों में 28.83 की औसत के साथ 4758 रन जुटाए हैं। वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 205 मुकाबलों में 4249 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू 168 मुकाबलों में 4,095 रन बनाकर चौथे पायदान पर हैं।

Related Articles

Back to top button