अफगान से टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित

- संजू सैमसन की टीम में वापसी, बुमराह का नाम सशर्त शामिल, रिंकू सिंह की अनदेखी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने उतरेगी। इस टीम में वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। इस सीरीज के लिए टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी शामिल किया गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा।
भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला टी20 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को होगा। यानी भारत और अफगानिस्तान के बीच पूरी टी20 सीरीज पांच दिनों के भीतर पूरी हो जाएगी।
बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए मध्यक्रम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को मौका नहीं दिया है। रिंकू को इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी शामिल नहीं किया गया था। वहीं, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर टीम में जगह दी गई है। दिलचस्प बात यह है कि संजू सैमसन भी जगह बनाने में सफल रहे हैं। वहीं, तिलक वर्मा उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
भारतीय टी20 टीम को सितंबर के अंत में एशियाई खेलों में हिस्सा लेना है। एशियाड के लिए भी भारत ने मजबूत टीम का चयन किया था। ऐसे में एशियाई खेलों से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की यह सीरीज अहम मानी जा रही है। मालूम हो कि एशियाई खेलों में भारत स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगा।
टीम में शामिल चार खिलाडिय़ों का खेलना फिटनेस पर निर्भर
15 सदस्यीय घोषित टीम में चार खिलाड़ी ऐसे हैं जिनका खेलना तय नहीं है। इसका कारण यह है कि इन खिलाडिय़ों का खेलना उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करता है। नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, बुमराह और हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है, लेकिन इनका खेलना तय नहीं है। बीसीसीआई ने बताया कि इन चारों खिलाडिय़ों का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा।



