बेसन की ये रेसिपी बदल देंगी आपके लंच का स्वाद!

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भारतीय रसोई में बेसन एक ऐसी सामग्री है, जिसे सब्जी या रोटी दोनों को बनाने में उपयोग किया जा सकता है। इससे लंच या डिनर तो बनाया ही जा सकता है, साथ ही नाश्ते में भी कई स्वादिष्ट व्यंजन बनाने में बेसन को शामिल किया जाता है। नाश्ता हो, स्नैक हो या लंच बेसन से बनने वाली डिश हर समय स्वाद और पोषण का बेहतरीन संतुलन देती हैं। खास बात यह है कि बेसन प्रोटीन, फाइबर और जरूरी मिनरल्स से भरपूर होता है, जिससे यह न सिर्फ स्वादिष्ट बल्कि सेहतमंद भी बनता है। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग ऐसे खाने की तलाश में रहते हैं जो जल्दी बन जाए, हल्का हो और पेट भी भर दे। ऐसे में बेसन से बनी डिश एक परफेक्ट विकल्प है। गर्मियों में जब भारी खाना खाने का मन नहीं करता, तब बेसन से बनी हल्की और पौष्टिक रेसिपी लंच के लिए एक शानदार विकल्प बन जाती हैं। ये रेसिपी न सिर्फ बनाने में आसान हैं, बल्कि बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएंगी।
बेसन चीला
हेल्दी रहने के लिए आपको ब्रेकफास्ट से लेकर डिनर में न्यूट्रिएंट्स से भरपूर चीजों को शामिल करना जरूरी है। आप बाहर के अन्हैल्दी फूड खाने की बजाय घर पर बनी चीजों को प्राथमिकता देंगे, तो लाइफस्टाइल से जुड़ी दिक्कतों से दूर रहेंगे। ऐसे में यदि लंच के लिए हेल्दी और क्विक विकल्प की तलाश में हैं तो बेसन का चीला बेहतर विकल्प है। बेसन चीला एक बहुत ही आसान और जल्दी बनने वाली डिश है। इसे बनाने के लिए बेसन में प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और मसाले मिलाकर बैटर तैयार करें और तवे पर हल्का सा तेल डालकर सेंक लें। यह प्रोटीन से भरपूर होता है और दही या हरी चटनी के साथ खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। आप इसे वजन घटाने के लिए भी खा सकते हैं। बेसन चना से बना होता है इसलिए ये ग्लूटन फ्री डाइट है। जिन लोगों को ग्लूटन से एलर्जी है उनके लिए बेसन अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसके अलावा यह आसानी से पच भी जाता है जिससे आपको पेट से जुड़ी दिक्कत भी नहीं होती है।
बेसन कढ़ी
बेसन की कढ़ी भारतीय घरों की फेवरेट डिश है। दही और बेसन से बनी यह ग्रेवी हल्की खट्टी और बेहद स्वादिष्ट होती है। इसमें पकौड़े डालकर इसे और भी टेस्टी बनाया जाता है। चावल के साथ यह लंच के लिए एक परफेक्ट कॉम्बिनेशन है। कढ़ी को पाचन के लिए काफी फायदेमंद माना जाता हैं। अगर आप पाचन संबंधी समस्या से परेशान हैं तो कढ़ी को डाइट में शामिल कर सकते हैं। हार्ट को हेल्दी रखने के लिए हमेशा हेल्दी चीजों को डाइट में शामिल करना चाहिए। हार्ट को हेल्दी रखने के लिए आप कढ़ी का सेवन कर सकते हैं।
बेसन पराठा
ये स्वाद और एनर्जी का कॉम्बिनेशन है। बेसन पराठा एक स्वादिष्ट और पेट भरने वाला विकल्प है। इसे बनाने के लिए एक बड़े मिक्सिंग बाउल में बेसन लें। आटा में धनिया बीज और नमक हल्दी पाउडर और कटी हुई हरी मिर्च डालें। इसके बाद सभी सूखी सामग्री को एक साथ मिलाएं। तेल और पानी डालकर सॉफ्ट आटा गूथ लें। फिर आटे से एक गोल हिस्सा लें, इसे बेलन से, पराठे को बेल लें। एक त्रिकोणीय आकार में आटा रोल करें। इसे गर्म तवा पर रखें। ऊपर से घी लगाकर दोनों तरफ कुरकुरा होने तक पकाएं। पुदीना की चटनी या अचार के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
बेसन की सब्जी
अगर घर में सब्जी नहीं है, तो बेसन की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें बेसन को मसालों के साथ पकाकर गाढ़ी ग्रेवी बनाई जाती है। यह रोटी या पराठे के साथ बहुत अच्छी लगती है और मिनटों में तैयार हो जाती है। इसके अलावा गट्टे की सब्जी बना सकते हैं। जिसमें बेसन में नमक, अजवाइन मिलाकर गूंद लें। अब इसे किसी भी आकार में काट लें। इसे उबालकर गट्टे तैयार कर लें। फिर ग्रेवी में डालकर पकाएं।
बेसन ढोकला
लंच में कुछ हल्का और सॉफ्ट चाहते हैं तो ढोकला बना सकते हैं। बेसन से बना ढोकला एक स्टीम्ड डिश है, जो हल्की और हेल्दी होती है। इसे बनाने के लिए बेसन में दही और मसाले मिलाकर बैटर तैयार किया जाता है और फिर स्टीम किया जाता है। यह डिश खासकर गर्मियों में लंच के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है।



