अफगान के खिलाफ भारत की टेस्ट व वनडे टीम का ऐलान

- पंत की जगह राहुल बने टेस्ट टीम के उपकप्तान, प्रिंस को वनडे टीम में मिला मौका
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाले एकमात्र टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। भारतीय टीम इस मैच में शुभमन गिल की अगुआई में खेलने उतरेगी। वहीं, ऋ षभ पंत से छह महीने के अंदर टेस्ट की उपकप्तानी छीन ली गई है। टेस्ट में उपकप्तानी केएल राहुल को सौंपी गई है। इसके अलावा गुरूनर बराड़ और मानव सुथार टेस्ट टीम में नए चेहरे हैं। इसके अलावा बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भी टेस्ट टीम में पहली बार जगह दी गई है।
गुरनूर और हर्ष दोनों ही प्रारूपों में टीम इंडिया में शामिल हैं। वहीं वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलेंगे। प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को पहली बार भारतीय वनडे टीम में जगह मिली है। वहीं, हार्दिक पांड्या की वनडे टीम में वापसी हुई है। हालांकि, हार्दिक और रोहित शर्मा सीरीज में खेलेंगे या नहीं यह उनके फिटनेस पर निर्भर करता है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि रोहित और हार्दिक दोनों वनडे टीम हैं, लेकिन इनका खेलना फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा। दिलचस्प बात यह है कि भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। टीम गिल की कप्तानी में खेलने उतरेगी और श्रेयस अय्यर उपकप्तान बनाए गए हैं। वहीं, वनडे में केएल राहुल के साथ ही ईशान किशन विकेटकीपर के तौर पर शामिल हैं। ईशान टी20 के बाद भारतीय वनडे टीम में भी वापसी करने में सफल रहे हैं। हालांकि, शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन को मौका नहीं दिया गया है।
राजस्थान अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंची
जयपुर। वैभव सूर्यवंशी और ध्रूव जुरेल की अर्धशतकीय पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 220 रन बनाए। जवाब में वैभव ने धुआंधार बल्लेबाजी की और उनके आउट होने के बाद जुरेल ने दम दिखाया जिससे राजस्थान ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 225 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। राजस्थान ने इस तरह प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है। राजस्थान की जीत से पंजाब किंग्स की टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर पर खिसक गई है। तीन टीमें प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं और अब एक स्थान के लिए राजस्थान, पंजाब, चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली में जंग है। राजस्थान की जीत से एक बार फिर समीकरण दिलचस्प हो गया है। राजस्थान 14 अंक लेकर चौथे नंबर पर आ गई है, जबकि पंजाब 13 अंक लेकर पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।



