पहली बारिश में धंसी सड़क पर हरकत में आया विभाग, एक्सईएन ने बताई वजह
गोरखपुर के रामजानकी मार्ग पर बारिश में सड़क धंसने के बाद पीडब्ल्यूडी ने निरीक्षण किया। एक्सईएन ध्रुव अग्रवाल ने तकनीकी कारण बताते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से का मानकों के अनुसार दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर के रामजानकी मार्ग पर पहली ही तेज बारिश में सड़क धंसने के मामले के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) सक्रिय हो गया है। सोमवार को अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) ध्रुव अग्रवाल ने मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी को तकनीकी मानकों के अनुरूप दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में सामने आई सड़क धंसने की वजह
रविवार की बारिश के बाद गोला नगर के पश्चिम चौराहे के पास नाथे बैट्री की दुकान के सामने सड़क का हिस्सा धंस गया था। निरीक्षण के दौरान एक्सईएन ने बताया कि मुख्य सड़क बनने के बाद विद्युत विभाग ने वहां से बिजली का पोल हटाया था। पोल हटने के बाद बनी जगह पर सीमित स्थान के कारण बेस लेयर को रोलर से पूरी तरह कम्पैक्ट नहीं किया जा सका और मैनुअल तरीके से भराई की गई थी। लगातार बारिश के कारण वही हिस्सा बैठ गया।
मानकों के अनुसार होगा दोबारा निर्माण
अधिशासी अभियंता ने संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिया कि केवल धंसे हुए हिस्से की मरम्मत न की जाए, बल्कि आसपास के हिस्से को भी निर्धारित सीमा तक काटकर नए सिरे से बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पहले बोल्डर और बेस सामग्री को मानकों के अनुसार बिछाकर रोलर से अच्छी तरह कम्पैक्ट किया जाए, उसके बाद ही सड़क का निर्माण किया जाए।
गुणवत्ता को लेकर बढ़ी निगरानी
सड़क धंसने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मार्ग की तकनीकी जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। विभाग का कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए निर्माण प्रक्रिया की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: स्कूल से लौट रही युवती को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत



