CM मोहन यादव का जन्म जिस घर में हुआ, अब उस पर भी कार्रवाई की तैयारी?

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क को चौड़ा किया जा रहा है. सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 60 साल पुराना पैतृक मकान भी आया है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क को चौड़ा किया जा रहा है. सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 60 साल पुराना पैतृक मकान भी आया है.

धार्मिक नगरी उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने जा रहे भव्य सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियां और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम तेजी से जारी है. इसी कड़ी में पुराने शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए खजूर वाली मस्जिद से लेकर गणेश चौक तक 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना पर नगर निगम ने अमल शुरू कर दिया है.

इस विकास कार्य की सबसे खास बात यह है कि नियम और जनहित सर्वोपरि हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 60 साल पुराना पैतृक मकान (रवींद्रनाथ टैगोर मार्ग, मकान नंबर 180), जहां उनका जन्म हुआ, बचपन बीता और राजनीतिक सफर की शुरुआत हुई, वह भी इस सड़क चौड़ीकरण की जद में आ गया है.

मुख्यमंत्री परिवार ने व्यक्तिगत यादों और भावनाओं से ऊपर उठकर शहर के विकास को प्राथमिकता दी है. नगर निगम की टीम ने सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर लाल निशान लगाए हैं, जिसके तहत मकान का लगभग 2.30 मीटर हिस्सा चौड़ीकरण की सीमा में आ रहा है.

इतना ही नहीं, इसी मार्ग पर स्थित मुख्यमंत्री की बहन एवं उज्जैन नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव के मकान का भी लगभग 3.8 मीटर हिस्सा चौड़ीकरण में आ रहा है. इसके साथ ही पास में ही स्थित भाजपा महामंत्री जगदीश पांचाल के दो मंजिला मकान सहित कुल 272 भवनों को चिह्नित कर लाल निशान लगाए गए हैं.

प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एक नजर में
मार्ग : खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक (अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए)
मार्ग की लंबाई : 730 मीटर (2400 फीट)
प्रस्तावित चौड़ाई : 15 मीटर
कुल प्रभावित भवन : 272
अनुमानित लागत : 9.80 करोड़

शहर हित सर्वोपरि, निष्पक्षता से हो काम
नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी नागरिक उनके परिवार समान हैं. उन्होंने अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और बिना किसी भेदभाव के काम करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा, सिंहस्थ 2028 और बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण बेहद जरूरी है. भले ही मकानों से कई पुरानी यादें जुड़ी हों, लेकिन शहर हित के आगे ये व्यक्तिगत चीजें मायने नहीं रखतीं.

वहीं, सीएम के बचपन के साथी और भाजपा महामंत्री जगदीश पांचाल ने भी खुशी-खुशी अपने मकान का हिस्सा देने की बात कही. उन्होंने यादें साझा करते हुए बताया कि इसी घर में रहते हुए डॉ. मोहन यादव ने पढ़ाई की, अखाड़े के दांव-पेच सीखे और छात्र राजनीति का पहला चुनाव जीता था.

Related Articles

Back to top button