81वीं यात्रा में सीतापुर पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य, राम मंदिर और गौ संरक्षण पर रखी अपनी बात

81वीं यात्रा के तहत जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती सीतापुर पहुंचे। जिलेभर में उनका भव्य स्वागत हुआ। प्रवचन के दौरान उन्होंने राम मंदिर प्रबंधन और गौ संरक्षण पर अपने विचार रखे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती 1008 जी महाराज अपनी 81वीं यात्रा के तहत मंगलवार को सीतापुर पहुंचे। उनके आगमन पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। बिसवां, सेवता, महमूदाबाद, लहरपुर और सिधौली विधानसभा क्षेत्रों में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मानपुर कुटिया में दिया धार्मिक प्रवचन

बिसवां क्षेत्र के मानपुर स्थित जगमोहन दास कुटिया में आयोजित प्रवचन के दौरान शंकराचार्य ने राम मंदिर से जुड़े विषयों और मंदिरों की व्यवस्था पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए कारसेवकों ने लंबा संघर्ष किया, लेकिन अब श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने मंदिरों के संचालन की जिम्मेदारी धर्माचार्यों को सौंपने की बात भी कही।

गौ संरक्षण पर सरकार से की अपील

प्रवचन के दौरान उन्होंने गौ संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष महत्व है। उन्होंने सरकार से गौमाता को सम्मानजनक दर्जा देने और संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

जिलेभर में हुआ स्वागत

यात्रा के दौरान बिसवां के बड़ा चौराहा, मंसाराम चौराहा समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला सेवता, महमूदाबाद, लहरपुर और सिधौली विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरा, जहां सामाजिक, धार्मिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। शंकराचार्य के प्रवचन को सुनने और दर्शन करने के लिए जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: बिच्छू के डंक ने ली 15 साल की मासूम की जान! एंबुलेंस में बैठाने से पहले ही थम गई सांस

Related Articles

Back to top button