कानपुर: चलती कार में लगी आग, सपा विधायक की गाड़ी हादसे का शिकार
कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब चलती कार में अचानक आग लग गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब चलती कार में अचानक आग लग गई। यह कार कैंट से सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय विधायक कार में मौजूद नहीं थे। उनके रिश्तेदार ईद के मौके पर कार लेकर निकले थे, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण गाड़ी में आग लग गई।
कार में सवार दोनों लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



