कब्रिस्तान की जमीन पर KDA का एक्शन, भारी पुलिस बल के बीच हटाया गया निर्माण
कानपुर के बर्रा-6 में KDA ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के आरोप में कब्रिस्तान के हिस्से से निर्माण हटाया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। मामला मेट्रो निर्माण से भी जुड़ा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के बर्रा-6 इलाके में शनिवार को कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) की कार्रवाई से हलचल मच गई। मेट्रो निर्माण कार्य में बाधा बताए जा रहे कब्रिस्तान के हिस्से से अतिक्रमण हटाने के लिए KDA की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस और PAC बल तैनात रहा। KDA के मुताबिक सरकारी जमीन के हिस्से पर अतिक्रमण था और नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला
KDA अधिकारी के अनुसार कब्रिस्तान का एक हिस्सा सरकारी जमीन पर पाया गया था। कार्रवाई में करीब 2,500 से 3,000 वर्ग मीटर सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की बात कही गई है। प्राधिकरण के मुताबिक संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने और स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए अवसर दिया गया था।
मेट्रो निर्माण के चलते कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार बर्रा-6 में स्थित यह स्थल मेट्रो निर्माण कार्य में बाधा बन रहा था। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। KDA ने बताया कि कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
कब्रिस्तान से जुड़े व्यक्ति ने उठाए सवाल
कब्रिस्तान से जुड़े मोहम्मद इकराम का कहना है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उन्हें कार्रवाई से एक दिन पहले नोटिस दिया गया। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर न्यायालय का रुख करेंगे। वहीं KDA का कहना है कि संबंधित पक्ष की हाईकोर्ट याचिका खारिज होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
रिपोर्ट- प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: बदायूं के चौराहे पर भिड़े दो युवक, काफी देर तक चलता रहा घमासान; CCTV में कैद पूरी घटना



