गोरखपुर में अवैध शराब पर शिकंजा, 65 लीटर कच्ची शराब जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के गगहा में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके से 350 किलो लहन नष्ट किया गया और एक आरोपी पकड़ा गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त आबकारी टीम ने गजपुर, सियरमोड़, पाण्डेयपार समेत आसपास के संदिग्ध बाग-बगीचों में दबिश देकर कुल 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके से मिले करीब 350 किलोग्राम लहन को नष्ट कर दिया गया।

संदिग्ध ठिकानों पर आबकारी टीम की छापेमारी

उप आबकारी आयुक्त, गोरखपुर प्रभार के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 बांसगांव शत्रुघ्न के नेतृत्व में टीम ने गगहा इलाके के कई संदिग्ध स्थानों की जांच की। इस दौरान करीब 48 लीटर कच्ची शराब और 350 किलोग्राम लहन बरामद हुआ।

17 लीटर शराब के साथ एक आरोपी पकड़ा

कार्रवाई के दौरान टीम ने एक आरोपी को भी पकड़ा। उसके कब्जे से 17 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। विभाग ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की। मामले में कुल दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी

आबकारी विभाग की टीम में क्षेत्र-2 कैंपियरगंज के आबकारी निरीक्षक एसएन वर्मा और प्रवर्तन-1/2 के आबकारी निरीक्षक कौशलेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग के अनुसार अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: कब्रिस्तान की जमीन पर KDA का एक्शन, भारी पुलिस बल के बीच हटाया गया निर्माण

Related Articles

Back to top button