कानपुर: आग की लपटों में घिरा एमपीसीसी गोदाम, आसपास के इलाके में दहशत

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भौंती-भीमसेन रोड स्थित मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (एमपीसीसी) के भंडारण गृह में अचानक भीषण आग लग गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भौंती-भीमसेन रोड स्थित मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (एमपीसीसी) के भंडारण गृह में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोदाम से अचानक धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग की लपटें आसमान तक पहुंचने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुआं फैल गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके को खाली कराने का काम शुरू किया गया।

दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) दीपक शर्मा ने तुरंत मोर्चा संभाला। उनके दिशा-निर्देशन में दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायरकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि गोदाम में मेडिकल वेस्ट और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

फायरकर्मियों और आग के बीच जारी है जंग

सीएफओ दीपक शर्मा के नेतृत्व में फायर विभाग की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है। आग इतनी भीषण है कि फायरकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मौके पर पानी की बौछारों के जरिए आग को नियंत्रित करने का प्रयास लगातार जारी है। फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने में अभी समय लग सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

इलाके में लगा लंबा जाम, लोगों को हुई परेशानी

आग लगने की घटना के बाद भौंती-भीमसेन रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और इलाके में जाम की स्थिति बन गई। पुलिस यातायात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित रखना है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

Related Articles

Back to top button