कानपुर में KDA का बुलडोजर गरजा, 10 बीघा में बनी अवैध कॉलोनी मिनटों में ध्वस्त

कानपुर के ग्राम बिनगवां में KDA ने अवैध प्लाटिंग पर बड़ा बुलडोजर एक्शन लिया। करीब 10 बीघा जमीन पर बनी अवैध कॉलोनी को 3 जेसीबी मशीनों से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान बाउंड्रीवॉल, बिजली खंभे और डिमार्केशन हटाए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  कानपुर में अवैध निर्माण और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया। शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने ग्राम बिनगवां में करीब 10 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि प्रभाकर और अन्य लोगों द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र और विकास प्राधिकरण की अनुमति के अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद KDA ने जांच कर कार्रवाई का निर्णय लिया।

तीन जेसीबी मशीनों से चला ध्वस्तीकरण अभियान

केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-3 के अंतर्गत की गई। अभियान का नेतृत्व OSD सत शुक्ला ने किया, जबकि मौके पर जेई अमरनाथ भी मौजूद रहे। ध्वस्तीकरण अभियान में तीन जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। टीम ने मौके पर बनी बाउंड्रीवॉल, डिमार्केशन और लगाए गए बिजली के खंभों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

अवैध कॉलोनाइजरों में मचा हड़कंप

KDA की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति विकसित की जा रही किसी भी कॉलोनी को बख्शा नहीं जाएगा। प्राधिकरण के अनुसार अवैध प्लाटिंग न केवल शहर की योजनाबद्ध विकास व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि भविष्य में आम लोगों के लिए भी कानूनी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं पैदा करती है।

लगातार चल रही कार्रवाई

कानपुर विकास प्राधिकरण पिछले कुछ समय से अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कब्जों और प्लाटिंग के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जमीन पर प्लाटिंग की जा रही थी वहां तेजी से प्लॉट बेचने का काम चल रहा था। बुलडोजर कार्रवाई के बाद कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और देर तक हलचल बनी रही।

आम लोगों से सतर्क रहने की अपील

KDA अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति जरूर जांच लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: मीरजापुर: महंगाई पर सपा का हल्लाबोल! गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए कार्यकर्ता

Related Articles

Back to top button