मीरजापुर: महंगाई पर सपा का हल्लाबोल! गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए कार्यकर्ता
मीरजापुर में बढ़ती महंगाई, बिजली-पानी संकट और गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर आम जनता की समस्याओं पर कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मीरजापुर में बढ़ती महंगाई और आम जनता की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट परिसर में सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने घड़ा, गैस सिलेंडर और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के साथ प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बिजली, पानी, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और पेपर लीक जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
महंगाई से आम जनता परेशान: सपा जिलाध्यक्ष
धरना-प्रदर्शन के दौरान सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। बिजली दरों में वृद्धि, कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम, पेट्रोल-डीजल की कीमतें और दूध-सब्जियों के बढ़ते भाव ने हर वर्ग को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत नहीं हो रही है और सूखे तालाबों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में सरकार को तत्काल राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए।
गैस सिलेंडर और घड़े के साथ प्रदर्शन
सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर, घड़े और अन्य उपयोगी सामान लेकर महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया। कलेक्ट्रेट परिसर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान “महंगाई वापस लो”, “युवाओं को न्याय दो” और “बिजली-पानी की समस्या दूर करो” जैसे नारे लगाए गए।
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, रोहित शुक्ला, रविन्द्र बहादुर सिंह, सुरेन्द्र सिंह पटेल, मुन्नी यादव, सोकिम अहमद, हरिशंकर यादव, जुम्मन खान, राणा प्रताप सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। परवीन बानो, जहांआरा, बन्दना गुप्ता और सावित्री देवी सहित कई महिला नेताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
जनता से जुड़े मुद्दों पर राजनीति तेज
मीरजापुर में बढ़ती गर्मी, पानी की समस्या और महंगाई के बीच विपक्ष अब जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर हमलावर होता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: कानपुर में धमाकों से दहला इलाका! गत्ता फैक्ट्री में आग के बाद फटे सिलेंडर



