नीट री-एग्जाम के छात्रों की बस यात्रा मुफ्त की जाए : केजरीवाल

- आप संयोजक ने सभी मुख्यमंत्रियों से की अपील
- पंजाब की मान सरकार ने किया ऐलान
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी राज्यों से 21 जून को होने वाली नीट री-एग्जाम के छात्रों के लिए बस यात्रा मुफ्त करने की अपील की है। पंजाब के बाद हरियाणा और बिहार सरकारों ने भी छात्रों को यह सुविधा देने का ऐलान कर दिया है, जिसकी केजरीवाल ने सराहना की। अरविंद केजरीवाल ने देश के सभी मुख्यमंत्रियों से एक खास अपील की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों समेत अन्य सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से कहा है कि वे अपने-अपने राज्यों में नीट की परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए सरकारी बस सेवा को पूरी तरह मुफ्त कर दें।
इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की थी कि नीट देने वाले छात्रों को बस किराए में पूरी राहत दी जाएगी। केजरीवाल और भगवंत मान ने एक वीडियो शेयर कर यह जानकारी दी थी। पंजाब सरकार के इस फैसले के बाद अब हरियाणा और बिहार के मुख्यमंत्रियों ने भी अपने राज्यों में छात्रों के लिए मुफ्त बस सेवा का ऐलान कर दिया है।
एनजीओ और सामाजिक संस्थाओं से मदद की मांग
बिहार के मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठ-मंदिरों और गैर-सरकारी संगठनों से भी एक खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य मुख्य जगहों पर परीक्षा देने वाले छात्रों और उनके माता-पिता के लिए पीने के पानी और सत्तू आदि के खाने-पीने की व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने सभी छात्रों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
आप सुप्रीमो ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करीब एक मिनट का एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में उन्होंने सभी मुख्यमंत्रियों से हाथ जोडक़र अपील करते हुए कहा, सभी मुख्यमंत्रियों से मेरी प्रार्थना है कि कृपया 21 जून को नीट की दोबारा परीक्षा देने वाले सभी छात्रों के लिए बस यात्रा पूरी तरह मुफ्त कर दें।
केजरीवाल ने की बिहार और हरियाणा सरकार की तारीफ
केजरीवाल ने वीडियो में आगे कहा,मुझे यह देखकर बेहद खुशी हुई कि बिहार और हरियाणा ने इस मामले में पंजाब सरकार की राह अपनाई है। मुझे उम्मीद है कि बाकी राज्यों के मुख्यमंत्री भी ऐसा ही कदम उठाएंगे। बता दें कि नीट परीक्षा को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों की सुविधा के लिए बिहार की सभी सरकारी बसों में सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा।



