महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था ध्वस्त : सुले

- पुणे में कारोबारी पर हमला व बारामती एयरपोर्ट के पास हुई वारदात पर सांसद ने सवाल उठाए
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पुणे। महाराष्ट्र में बढ़ते अपराधों पर विपक्ष ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। एनसीपी (एसपी) नेता और बारामती सांसद सुप्रिया सुले ने पुणे व बारामती में हुए घटना को बेहद चौंकाने वाला बताया। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। सुले ने एक्स पर कहा कि अपराधी बेखौफ होकर गोलीबारी कर रहे हैं और भाग रहे हैं। गृह विभाग का तंत्र कुछ नहीं कर पा रहा है। जनता डर में जी रही है और अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है। महाराष्ट्र में अपराध की एक अन्य वारदात मुंबई के बाद रविवार शाम पुणे जिले से सामने आई। यहां बारामती हवाई अड्डे के पास एक कारोबारी राणा सूर्यवंशी पर हमला हुआ। पुलिस ने बताया कि इस हमले में कारोबारी घायल हो गए।
यह घटना शाम करीब 7.30 बजे हुई, जब सूर्यवंशी निजी काम से बारामती आए थे। उनके साथ उनका निजी अंगरक्षक भी था। दो लोग स्कूटर पर आए और खुद को सूर्यवंशी का प्रशंसक बताया। उप-विभागीय पुलिस अधिकारी चैतन्य कदम के अनुसार, उन्होंने गुलदस्ता देने के बहाने उन पर हमला किया। सूर्यवंशी को चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक ले जाया गया। पुलिस ने अभी तक गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है, जांच जारी है। अस्पताल के अनुसार, सूर्यवंशी निगरानी में हैं और एक चिकित्सा दल उनकी हालत पर करीब से नजर रख रहा है। उनके उचित इलाज के लिए विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।



