घर पर बनाएं वेज आमलेट

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अंडे का आमलेट तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन क्या कभी आपने वेज आमलेट ट्राई किया है? दरअसल, आजकल हेल्दी और वेजिटेरियन फूड की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में वेज आमलेट उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो अंडा नहीं खाते लेकिन आमलेट जैसा स्वाद और टेक्सचर चाहते हैं। ये रेसिपी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद मानी जाती है। वेज आमलेट को बेसन, सब्जियों और हल्के मसालों से तैयार किया जाता है, जो शरीर को प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है। ये बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अगर आप कुछ नया, टेस्टी और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो वेज आमलेट जरूर बनाएं।

सामान

बेसन- 1 कप, बारीक कटा प्याज- 1, बारीक कटी शिमला मिर्च – 1/2, टमाटर- 1, हरी मिर्च – 1, हरा धनिया – 2 चम्मच, नमक- स्वाद अनुसार, लाल मिर्च पाउडर- 1/2 चम्मच, हल्दी – चुटकी भर, अजवाइन – 1/4 चम्मच, पानी – आवश्यकता अनुसार, तेल – सेकने के लिए।

विधि

वेज आमलेट बनाने के लिए सबसे पहले एक गहरा बाउल लें और उसमें बेसन डालें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए अच्छी तरह फेंटें ताकि घोल में कोई गांठ न रहे। घोल न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा, बल्कि आमलेट जैसा स्मूद होना चाहिए। अब इस घोल में बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसके बाद नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और अजवाइन मिलाएं। सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें ताकि सब्जियां और मसाले बराबर मिल जाएं। इसके बाद एक तवा मध्यम आंच पर गरम करें और उस पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों तरफ फैला दें। जब तवा अच्छी तरह गरम हो जाए, तो तैयार घोल को तवे के बीच में डालें और चम्मच से हल्के हाथ से फैलाएं। आमलेट को धीमी आंच पर लगभग 2 से 3 मिनट तक पकने दें। जब नीचे की सतह सुनहरी हो जाए, तब इसे सावधानी से पलटें और दूसरी तरफ भी अच्छे से सेंक लें। दोनों तरफ से पक जाने पर गैस बंद कर दें।

मिनटों में केले से तैयार करें डेजर्ट

आज की भागदौड़ भरी जि़ंदगी में झटपट बनने वाली रेसिपीज की डिमांड लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अगर आपका भी अचानक मीठा खाने का मन हो और रसोई में ज्यादा समय व्यतीत करने का मन न हो तो आर संडे के दिन केले से कुछ खास बनाकर तैयार करें। केला न सिर्फ तुरंत एनर्जी देता है, बल्कि इससे मिनटों में बनने वाले डेजर्ट भी बेहद स्वादिष्ट होते हैं। खास बात ये है कि केले से बनने वाले इस डेजर्ट के लिए न तो ओवन की जरूरत होती है और न ही किसी भारी तैयारी की। घर में मौजूद कुछ बेसिक चीजों के साथ आप ऐसा डेजर्ट बना सकते हैं जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आए।

सामग्री

पके हुए केले-2 पीस, कंडेंस्ड मिल्क- 2 टेबलस्पून, शहद- एक चम्मच, फ्रेश क्रीम-1/2 कप, इलाइची पाउडर, कटी हुई मेवा।

विधि

इस डेजर्ट को बनाने के लिए सबसे पहले 2 अच्छी तरह पके केले लें। उनका छिलका उतारकर एक गहरे बाउल में डालें। अब कांटे या मैशर की मदद से केले को पूरी तरह स्मूद मैश कर लें, ताकि उसमें गुठलियां न रहें। अब मैश किए हुए केले में 2 टेबलस्पून कंडेंस्ड मिल्क डालें। अगर आप ज़्यादा मीठा पसंद करते हैं तो मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं। हेल्दी ऑप्शन के लिए शहद भी इस्तेमाल किया जा सकता है। अब इसमें 1/2 कप फ्रेश क्रीम या अच्छी तरह फेंटा हुआ गाढ़ा दही डालें। इससे डेज़र्ट क्रीमी और सॉफ्ट बनेगा। इसमें चुटकी भर इलायची पाउडर डालें और सभी चीज़ों को अच्छे से मिलाएं। ऊपर से कटे हुए बादाम, काजू या किशमिश डालें। चाहें तो चॉकलेट चिप्स या बिस्कुट को महीन पीसकर भी इसके ऊपर डाल सकते हैं। मिश्रण को 5-10 मिनट फ्रिज में रखें और फिर ठंडा-ठंडा सर्व करें। सर्दी के मौसम में जिन लोगों को आइसक्रीम खाना पसंद है, उनके लिए ये डेजर्ट काफी सही विकल्प है। इसे आप बनाकर टंडा-ठंडा ही परोसें, तभी इसका स्वाद अच्छा और मजेदार आएगा।

Related Articles

Back to top button