राज्य आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी: ममता

- बोलीं- मैं संविधान की शक्ति से अन्याय के खिलाफ डटी रहूंगी
- टीएमसी सुप्रीमो केंद्र सरकार पर भी बरसीं
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर राज्य आतंकवाद का आरोप लगाया और कहा कि वह पार्टी की कार्रवाइयों का संवैधानिक और कानूनी तरीकों से मुकाबला करती रहेंगी। दल कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने हावड़ा रेलवे स्टेशन के पास हाल ही में हुई तोडफ़ोड़ की आलोचना करते हुए संविधान और न्यायपालिका का हवाला दिया। बनर्जी ने कहा कि मैं न्यायपालिका को याद दिलाना चाहती हूं कि वे कानून के सच्चे रक्षक हैं… मैं राज्य आतंकवाद के खिलाफ कानूनी लड़ाई जारी रखूंगी।
मैं देखूंगी कि किसकी शक्ति अधिक है संविधान की या बंदूक की नली की। उनकी ये टिप्पणियां इस महीने की शुरुआत में हावड़ा रेलवे स्टेशन के पास कथित अवैध ढांचों को गिराए जाने के बाद बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच आई हैं। यह अभियान भारी पुलिस बल की तैनाती और बुलडोजर व अन्य मशीनों की मदद से चलाया गया था। टीएमसी सुप्रीमो ने केंद्र सरकार पर भी हमला किया और भाजपा को भविष्य में राजनीतिक परिणामों की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जब आप दिल्ली में सत्ता से गिरेंगे, तो आपको अपने कार्यों के परिणाम भुगतने होंगे — हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं। अपनी सरकार की पिछली पुनर्वास नीतियों से तुलना करते हुए, बनर्जी ने कल्याणी एक्सप्रेस सेतु परियोजना का उदाहरण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कल्याणी एक्सप्रेस सेतु के निर्माण के दौरान सडक़ पर 43 घर प्रभावित हुए थे, और हमने उनके पुनर्वास के लिए ठीक वैसे ही 43 घर बनाए। अब वहां लूटपाट, तोडफ़ोड़ और हर तरह के निशान मिटाने की कोशिशें हो रही हैं।
हावड़ा स्टेशन क्षेत्र पर नगर निगम की कार्रवाई से नाराज
16 मई को चलाए गए विध्वंस अभियान में हावड़ा स्टेशन क्षेत्र में नगर निगम अधिकारियों द्वारा अनधिकृत अतिक्रमण के रूप में चिह्नित ढांचों को निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई के बाद तृणमूल कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और पश्चिम बंगाल में नवगठित भाजपा सरकार पर बुलडोजर संस्कृति को बढ़ावा देने और फेरीवालों और निवासियों को जबरन बेदखल करने का आरोप लगाया। इससे पहले टीएमसी नेताओं ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया और बेदखली अभियान के खिलाफ कोलकाता और आसपास के इलाकों में व्यापक विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। भाजपा सरकार का कहना है कि यह तोडफ़ोड़ अभियान व्यस्त रेलवे स्टेशन क्षेत्र के आसपास अवैध अतिक्रमणों को हटाने और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे में सुधार करने के उद्देश्य से चलाया गया था।
अभिषेक को नोटिस पर टीएमसी भड़की
कोलकाता पुलिस पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के शांतिनिकेतन स्थित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के आधिकारिक आवास पर पहुंची, जो 188ए हरीश मुखर्जी रोड पर है। हालांकि, अधिकारी बिना कोई बयान जारी किए थोड़ी देर बाद ही वहां से चले गए। यह घटनाक्रम टीएमसी द्वारा संचालित कोलकाता नगर निगम (केएमसी) द्वारा अभिषेक को उनसे जुड़ी कई संपत्तियों के संबंध में नोटिस जारी करने और उनसे स्वीकृत भवन योजनाओं से संबंधित दस्तावेज दिखाने के निर्देश देने के कुछ दिनों बाद सामने आया है। अभिषेक के स्वामित्व वाली या उनसे जुड़ी 17 से 21 संपत्तियों के संबंध में भेजे गए ये नोटिस कोलकाता नगर निगम अधिनियम, 198० की धारा 4०(1) के तहत भेजे गए थे। यह अधिनियम अधिकारियों को अनधिकृत निर्माण के संबंध में स्पष्टीकरण मांगने का अधिकार देता है। हालांकि, कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने नोटिसों से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया था। टीएमसी विधायक हकीम ने पिछले हफ्ते कहा था कि केएमसी अधिनियम के अनुसार, हम नीति निर्माता हैं, और मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।



