टाइम की 100 प्रभावशाली खेल हस्तियों में मंधाना शामिल

- इस सूची में वह अकेली भारतीय है जो 41वें नंबर पर हैं
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
न्यूयॉर्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना को एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल हुई है। टाइम मैगजीन ने उन्हें वर्ष 2026 की 100 सबसे प्रभावशाली खेल हस्तियों की सूची में शामिल किया है। इस सूची में जगह बनाने वाली वह इकलौती भारतीय हैं। वह 41वें नंबर पर हैं। टाइम ने खेल हस्तियों की लिस्ट को चार कैटेरगी में बांटा है। इनमें आइकन्स, टाइटंस, इनोवेटर्स और लीडर्स शामिल हैं। मंधाना को टाइटंस की लिस्ट में रखा गया है और वेबसाइट पर शुरू से गिनती करने पर उनका नाम 41वें नंबर पर आता है।
टाइम की यह सूची उन खिलाडिय़ों, कोचों, निवेशकों और खेल जगत से जुड़े प्रभावशाली लोगों को सम्मानित करती है, जो मौजूदा दौर में खेलों की दिशा तय कर रहे हैं। इस बार सूची में अमेरिकी बास्केटबॉल दिग्गज लेब्रोन जेम्स, फुटबॉल सुपरस्टार लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो, टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज, गोल्फर रोरी मैक्लरॉय और फीफा अध्यक्ष जियानी इनफेंटिनो जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। टाइम ने अपनी प्रोफाइल में स्मृति मंधाना की उपलब्धियों का खास जिक्र किया। मैगजीन ने लिखा कि मुंबई में जन्मी बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे सफल खिलाडिय़ों में से एक हैं और उनके नाम लगातार नए रिकॉर्ड जुड़ते जा रहे हैं। मंधाना घरेलू एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। इसके अलावा वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों, टेस्ट, वनडे और टी20 में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं। उनके नाम महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 17 शतक दर्ज हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा वनडे कल
लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने सात विकेट से जीता। अब भारत और अफगानिस्तान की टीमें लखनऊ में भिड़ेंगी। दूसरा वनडे मैच बुधवार, 17 जून को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया इस सीरीज में 1-0 से आगे है। अगर भारतीय टीम दूसरा वनडे भी जीत लेती है तो सीरीज जीत लेगी। वहीं अफगानिस्तान की नजरें उलटफेर कर सीरीज में बने रहने पर रहेंगी। भारत ने धर्मशाला में खेला गया पहला वनडे आसानी से जीत लिया था। फिर भी टीम इंडिया दूसरे वनडे में एक बदलाव के साथ उतर सकती है। दूसरे वनडे में प्रिंस यादव को डेब्यू का मौका मिल सकता है। प्रिंस आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं। ऐसे में लखनऊ उनका होम ग्राउंड है।



