गोरखपुर में आधी रात मुठभेड़, 15 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
गोरखपुर के खजनी में 15 हजार के इनामी बदमाश जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन की पुलिस से मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर में अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच खजनी क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जरलही पुल के पास हुई कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जरलही पुल पर पुलिस ने घेरा, भागने लगा बदमाश
पकड़े गए आरोपी की पहचान खजनी के भीटी खोरिया निवासी जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन के रूप में हुई है। एसपी साउथ दिनेश पुरी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि 15 हजार रुपये का इनामी जितेंद्र किसी बड़ी वारदात की फिराक में बाघागाड़ा की ओर से जरलही पुल होते हुए उनवल जाने वाला है। सूचना के बाद पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने पुल के पास चेकिंग शुरू कर दी। रात करीब 3:15 बजे संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा और कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर गिर गया।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के बाद आरोपी से आत्मसमर्पण करने को कहा गया। आरोप है कि उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना बाइक बरामद की गई है।
हत्या, लूट और रंगदारी समेत 19 मुकदमे
पुलिस के अनुसार जितेंद्र पासवान के खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या, लूट और रंगदारी समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं। रंगदारी के एक मामले में वह काफी समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: मंदिर दर्शन को निकला था युवक, पुल पर फिसला पैर और अदवा नदी में बह गया



