पटाखों के कारोबार पर अब सख्ती, मिर्जापुर में गोदाम और दुकानों की चेकिंग; लापरवाही पर कार्रवाई
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद मिर्जापुर में पुलिस सख्त हो गई है। पटाखा गोदामों और दुकानों की जांच कर लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा और बाल श्रम को लेकर निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद अब मिर्जापुर में भी प्रशासन और पुलिस ने पटाखों के कारोबार को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी सदर और अग्निशमन विभाग की टीम ने पटाखा फैक्ट्रियों, गोदामों और दुकानों का निरीक्षण किया। संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है। पुलिस ने साफ किया कि लापरवाही या अवैध गतिविधि मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पांच दिन का विशेष अभियान, लाइसेंस की होगी जांच
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री स्थलों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 3 से 7 सितंबर 2026 तक पांच दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 4 सितंबर को क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंकर मिश्र और अग्निशमन अधिकारी मीरजापुर ने प्रभारी निरीक्षक कछवां के साथ थाना कछवां क्षेत्र में मुन्ने बाबू आतिशबाज के गोदाम व दुकान समेत अन्य पटाखा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अग्नि सुरक्षा से लेकर बाल श्रम तक पर नजर
निरीक्षण के दौरान संचालकों को लाइसेंस और अनुमति की निर्धारित शर्तों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। आग से बचाव के जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया।
पुलिस ने बाल श्रम को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने, बिक्री स्थलों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने और आबादी व आवासीय इलाकों से जुड़े सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
अवैध पटाखों पर कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी असुरक्षित व्यवस्था या लापरवाही को नजरअंदाज नहीं करने की चेतावनी दी गई है।
पटाखा दुकानों और गोदामों की अचानक चेकिंग की खबर से बाजार में हलचल रही। अभियान के दौरान पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: साईफन टूटा तो डूबने लगे गांव! मिर्जापुर में सैकड़ों बीघा फसल पर मंडराया बड़ा खतरा



