गोरखपुर में दो घंटे के भीतर सकुशल मिली लापता 9 वर्षीय बच्ची, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र से लापता 9 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने महज दो घंटे में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। सीसीटीवी जांच और त्वरित सर्च अभियान से पुलिस को सफलता मिली।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: हाल ही में सामने आए चर्चित बालिका हत्याकांड के बीच गोरखपुर पुलिस ने एक राहतभरी कार्रवाई करते हुए चिलुआताल क्षेत्र से लापता हुई नौ वर्षीय बच्ची को महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को बच्ची की मां ने चिलुआताल थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी नौ वर्षीय बेटी घर से लापता हो गई है। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत के आधार पर थाना चिलुआताल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और सर्च ऑपरेशन से मिली सफलता

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी ली गई, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

परिजनों ने जताया पुलिस का आभार

आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस अभियान में थाना प्रभारी सूरज सिंह सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में दागी पुलिसकर्मियों पर बड़ा एक्शन! SSP ने मांगा पूरा सर्विस रिकॉर्ड

Related Articles

Back to top button