गोरखपुर के MMMUT की बड़ी उपलब्धि, THE World University Ranking में सुधरी स्थिति
गोरखपुर के MMMUT ने THE World University Ranking 2027 में सुधार किया है। विश्वविद्यालय 1201-1400 ग्लोबल बैंड में पहुंचा, जबकि टीचिंग स्कोर में 37.5% की बढ़ोतरी हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) ने वैश्विक रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर की है। टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में विश्वविद्यालय को 1201-1400 के ग्लोबल रैंक बैंड में जगह मिली है। इससे पहले 2026 की रैंकिंग में विश्वविद्यालय 1201-1500 बैंड में था। इस बार 3146 पात्र संस्थानों का मूल्यांकन किया गया, जिनमें भारत के 170 विश्वविद्यालय शामिल हैं।
टीचिंग स्कोर में 37.5% की बढ़ोतरी
THE के पांच प्रमुख प्रदर्शन मानकों में से चार में MMMUT का स्कोर पिछले साल के मुकाबले बढ़ा है। टीचिंग स्कोर 25.1 से बढ़कर 34.5 हो गया, यानी 37.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। रिसर्च एनवायरमेंट स्कोर भी 9.3 से बढ़कर 12.3 पहुंचा, जिसमें 32.3 प्रतिशत सुधार हुआ।
इंडस्ट्री स्कोर 20.6 से बढ़कर 22.7 और इंटरनेशनल आउटलुक 18.5 से बढ़कर 19.6 हुआ।
रिसर्च क्वालिटी में मामूली गिरावट
विश्वविद्यालय के रिसर्च क्वालिटी स्कोर में हालांकि कमी दर्ज हुई। 2026 में 53.8 रहा यह स्कोर 2027 में 52.0 हो गया। विश्वविद्यालय ने शोध गुणवत्ता को आगे की रणनीति में प्रमुखता देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों, शोध उद्धरण, बाहरी वित्तपोषित परियोजनाओं और वैश्विक शोध सहयोग पर जोर देने की बात कही है।
AI से ग्रीन हाइड्रोजन तक शोध पर फोकस
MMMUT उच्च प्रभाव वाले पेटेंट, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और आधुनिक रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना पर काम कर रहा है। ग्रीन हाइड्रोजन, फ्यूल सेल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उन्नत सामग्री और पर्यावरणीय तकनीक जैसे क्षेत्रों में शोध समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने इस उपलब्धि को शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पूर्व छात्रों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में घर में घुसे चार नकाबपोश, दो युवतियों को बंधक बनाकर एक घंटे तक लूटपाट



