विस का मानसून सत्र और बढ़ाया जाए: खैरा

  • अंतिम दिन आठ बिल पेश करेगी सरकार, कांग्रेस विधायकों ने किया प्रदर्शन

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चंडीगढ़ । पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का आज अंतिम दिन हैे। सरकार आज आठ महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है। इनमें तीन नई डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटी स्थापित करने से जुड़े विधेयक भी शामिल हैं। वहीं विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा एवं कांग्रेस के विधायकों ने परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्ष ने विधेयकों पर चर्चा के लिए सदन का समय बढ़ाने की मांग की है। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि एक दिन इन विधेयकों पर चर्चा के लिए पर्याप्त नहीं है। ऐसे में सदन के हंगामेदार रहने के आसार हैं।
सरकार की ओर से क्लाउड यूनिवर्सिटी होशियारपुर विधेयक-26, एमएस डिजिटल यूनिवर्सिटी पटियाला विधेयक-26 और फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी पटियाला विधेयक-26 पेश किए जा सकते हैं। इसके अलावा रेगुलेशन एंड मेंटेनेंस संशोधन विधेयक-26 भी सदन में लाया जा सकता है। इसके जरिये राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन के लिए गठित एसपीवी की प्रभावशीलता, पारदर्शिता और वित्तीय स्थिरता मजबूत करने का प्रावधान है। पंजाब वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक-26 में बिक्री के बाद दी जाने वाली छूट को पूर्व समझौते की शर्त के बिना क्रेडिट नोट जारी कर आपूर्ति की कीमत से बाहर रखने की अनुमति देने का प्रावधान है। पंजाब स्टेट आउटसोस्र्ड ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट विधेयक-26 में जोखिम वाली श्रेणियों में तैनात कर्मचारियों को तीन साल की सेवा पूरी होने के बाद सीधे अनुबंध पर लाने की तैयारी है। इसके अलावा पंचायती राज संशोधन विधेयक-2026 और बिना सहायता वाले निजी स्कूलों में फीस से जुड़ा विधेयक भी पेश किया जा सकता है। खैरा ने विधानसभा अध्यक्ष से सदन का समय कुछ दिन बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधेयकों को पढऩे और उन पर विस्तृत चर्चा के लिए पर्याप्त समय चाहिए। सोमवार को सदन का आखिरी दिन हो सकता है। ऐसे में इन विधेयकों पर गंभीर चर्चा संभव नहीं होगी जबकि इनका सीधा संबंध आम लोगों से है।

Related Articles

Back to top button