सुदर्शन की जगह सरफराज की टीम इंडिया में एंट्री

  • श्रीलंका सीरीज से पहले साई चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलंबो। भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह चयन समिति ने सरफराज खान को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है।
साई सुदर्शन फिलहाल बंगलूरू स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में हैं और दाहिने पैर के अंगूठे में आई स्ट्रेस रिएक्शन की चोट से उबर रहे हैं। बीसीसीआई के मुताबिक, उनकी रिकवरी अच्छी तरह आगे बढ़ रही है और उन्होंने फिटनेस हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। हालांकि, मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। इससे पहले इस सीरीज से बुमराह पहले ही चोट के चलते बाहर हो चुके हैं।साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। सरफराज जल्द ही कोलंबो में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। इसके बाद टीम पहले टेस्ट के लिए गाले रवाना होगी। भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त 2026 से गाले में खेला जाएगा। सरफराज के लिए यह टीम में वापसी का अहम मौका है। वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं और टेस्ट टीम के साथ पहले भी रह चुके हैं।

वेस्टइंडीज पर फिर मंडराया विश्व कप क्वालिफायर का खतरा

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज एक बार फिर वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालिफाई करने से चूक गया है। दो बार की विश्व चैंपियन टीम अब 2027 वनडे विश्वकप में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर के रास्ते पर जाने की कगार पर है। लगातार तीसरे विश्व कप चक्र में वेस्टइंडीज को सीधे क्वालिफिकेशन की दौड़ से बाहर होना पड़ा है, जो 50 ओवर के क्रिकेट में टीम के लगातार गिरते प्रदर्शन को दर्शाता है। वेस्टइंडीज की मुश्किलें अफगानिस्तान की आयरलैंड के खिलाफ मौजूदा पांच मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में जीत के बाद और बढ़ गईं।अफगानिस्तान की इस जीत ने सीधे क्वालिफिकेशन की दौड़ में उसकी स्थिति मजबूत कर दी और वेस्टइंडीज के लिए शीर्ष आठ में पहुंचने का बचा हुआ एक रास्ता भी लगभग बंद हो गया। 2027 वनडे विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ नामीबिया करेगा, और सह-मेजबान होने के कारण दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधे प्रवेश मिलेगा। इनके अलावा आठ टीमों को सीधे क्वालिफिकेशन के लिए रैंकिंग की कटऑफ तारीख 30 सितंबर 2026 है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद वेस्टइंडीज 73 अंकों के साथ 10वें स्थान पर था।

Related Articles

Back to top button